Cyber Crime के खिलाफ धनबाद पुलिस का बड़ा अभियान, 35 लाख लोगों को साइबर धोखाधड़ी से बचाने की पहल

धनबाद पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ 17 से 21 अगस्त तक विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। 35 लाख लोगों को जागरूक करने के लक्ष्य के साथ स्कूलों, गांवों, सोशल मीडिया और LED वाहनों के जरिए साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जाएगा।

Cyber Crime के खिलाफ धनबाद पुलिस का बड़ा अभियान, 35 लाख लोगों को साइबर धोखाधड़ी से बचाने की पहल
साइबर अपराध पर धनबाद पुलिस का कड़ा प्रहार।

Advertisement

  • साइबर अपराध जागरूकता पुस्तक का विमोचन, स्कूलों से गांवों तक गूंजेगा साइबर सुरक्षा का संदेश
  • धनबाद पुलिस की पुस्तक अब स्कूलों में बताएगी बचाव के तरीके, हर स्कूल में होगा साइबर जागरूकता सत्र
  • बच्चों को बनाया जाएगा साइबर सुरक्षा का प्रहरी
  •  सिनेमाघरों से सोशल मीडिया तक चल रहा जागरूकता अभियान

धनबाद (Threesocieties.com Desk): साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के बीच धनबाद पुलिस ने आम लोगों को साइबर ठगी से बचाने के लिए व्यापक साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की। सोमवार को पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के साथ शुरू हुआ यह विशेष अभियान 17 से 21 अगस्त तक चलेगा। अभियान के दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न माध्यमों से लोगों को साइबर अपराध के तौर-तरीकों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस द्वारा तैयार की गई विशेष जागरूकता पुस्तक का विमोचन उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस पुस्तक को आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों के बीच साइबर सुरक्षा की समझ विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। कॉमिक के तर्ज पर तैयार की गई यह पुस्तक युवाओं, महलाओ खासकर बच्चो को काफी पसंद आ रही है।

पुस्तक के विमोचन के अवसर पर डीएफओ विकास पालीवाल, रेल एसपी धनबाद मोमल राजपुरोहित, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, डालसा के सचिव मयंक तुषार टोपनो, धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी, फेडरेशन ऑफ जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष चेतन गोयनका एवं सचिव अजय नारायण लाल समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ और थाना प्रभारी मौजूद थे। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं और शिक्षक भी शामिल हुए।

दो प्रचार वाहन जिलेभर में देंगे साइबर सुरक्षा का संदेश

साइबर सुरक्षा पर आधारित जागरूकता पुस्तक के विमोचन के बाद एलईडी स्क्रीन से लैस दो प्रचार वाहनों को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में घूमकर वीडियो संदेशों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर होर्डिंग और फ्लेक्स लगाए गए हैं। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। साइबर जागरूकता अभियान को व्यापक बनाने के लिए आइनॉक्स मल्टीप्लेक्स के बड़े स्क्रीन पर भी अगले एक महीने तक सभी शो के दौरान साइबर सुरक्षा से जुड़े वीडियो संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे।

सरकारी स्कूलों में होगा विशेष साइबर जागरूकता सत्र

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने धनबाद पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण हथियार है। उन्होंने कहा कि यह अभियान व्यापक स्तर पर लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि धनबाद पुलिस द्वारा तैयार की गई साइबर जागरूकता पुस्तक जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि विशेष सत्र आयोजित कर विद्यार्थियों को साइबर अपराध और उससे बचाव के बारे में जानकारी दी जा सके। सभी सरकारी विद्यालयों में एक साइबर मित्र नियुक्त करने की दिशा में भी पहल की जाएगी जो अन्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में योगदान देंगे। उपायुक्त ने कहा कि राज्य शिक्षा विभाग के सहयोग से इस पुस्तक को राज्य के सभी करीब 35 हजार सरकारी विद्यालयों तक पहुंचाने के लिए अनुरोध किया जाएगा ताकि सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान भी विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।

35 लाख आबादी को जागरूक करने का लक्ष्य

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य धनबाद जिले की करीब 35 लाख आबादी को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना और लोगों को ठगी का शिकार होने से बचाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपाय बताए जाएंगे। एसएसपी महोदय ने कहा कि सभी सरकारी विद्यालयों में एक घंटे का विशेष साइबर जागरूकता सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा टाटा, एमपीएल और विभिन्न बैंकों में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क किया जाएगा।

बच्चों ने साझा किए अनुभव, दूसरों को जागरूक करने का लिया संकल्प

कार्यक्रम में शामिल स्कूली बच्चों ने साइबर अपराध को लेकर अपने विचार और अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने कहा कि वे अपने परिवार, दोस्तों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को साइबर अपराध के तरीकों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में कार्मेल स्कूल, डीनोबली स्कूल सीएमआरआई, डीएवी स्कूल कोयला नगर, केंद्रीय विद्यालय, पीके राय कॉलेज, बीएसएस महिला कॉलेज, एसएसएलएनटी महिला कॉलेज, अभय सुंदरी बालिका उच्च विद्यालय, लॉ कॉलेज, राजकमल स्कूल, गुरु नानक कॉलेज, यूपीजी हाई स्कूल, बालिका आवासीय विद्यालय, धनबाद पब्लिक स्कूल, उत्क्रमित उच्च विद्यालय समेत कई शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान मंचासीन अतिथियों ने भी साइबर अपराध की रोकथाम के लिए सामूहिक जागरूकता अभियान की आवश्यकता पर अपने विचार रखे और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की। मंच का संचालन पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन साइबर डीएसपी प्रदीप कुमार साव ने किया।