ढुल्लू महतो का बड़ा हमला: 'कमीशन के लिए अरूप चटर्जी ने रुकवाया निरसा एलिवेटेड रोड'
Dhanbad News: निरसा में एलिवेटेड रोड निर्माण को लेकर सियासत तेज हो गई है। सांसद ढुल्लू महतो ने विधायक अरूप चटर्जी पर कमीशन के लिए परियोजना रुकवाने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कार्रवाई की मांग की। पढ़ें Threesocieties.com पर पूरी खबर।
HighLights:
- सांसद ढुल्लू महतो ने विधायक अरूप चटर्जी पर कमीशन के लिए एलिवेटेड रोड रुकवाने का आरोप लगाया
- कहा- निरसा का विकास रोककर हेमंत सोरेन सरकार की छवि खराब की जा रही है
- मुख्यमंत्री से अरूप चटर्जी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
- बिना अनुमति रैली और सभा करने पर प्रशासनिक कार्रवाई की भी उठाई मांग
- भाजपा की पदयात्रा और सभा में विकास बनाम राजनीति का मुद्दा प्रमुख रहा
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद लोकसभा सांसद ढुल्लू महतो ने निरसा के विधायक अरूप चटर्जी पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि निरसा में प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना को कमीशन की राजनीति के कारण रोका गया है। उन्होंने दावा किया कि इस वजह से केवल क्षेत्र का विकास ही प्रभावित नहीं हुआ, बल्कि राज्य सरकार की भी बदनामी हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस पूरे मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने की मांग की।
बुधवार को निरसा में आयोजित भाजपा की पदयात्रा और जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि जब वर्षों से लंबित एलिवेटेड रोड परियोजना धरातल पर उतरने लगी, तब उसका विरोध शुरू कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इस परियोजना के लिए विधायक स्वयं संघर्ष करने का दावा करते हैं, तो अब निर्माण कार्य का विरोध क्यों किया जा रहा है।
'कमीशन के लिए हो रहा विरोध'
ढुल्लू महतो ने कहा कि उनके अनुसार एलिवेटेड रोड निर्माण का विरोध किसी जनहित के कारण नहीं, बल्कि कथित कमीशन की राजनीति के चलते किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों को रोककर जनता के हितों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
गोविंदपुर और सिंदरी का उदाहरण देकर साधा निशाना
सभा में सांसद ने गोविंदपुर और सिंदरी क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां अन्य क्षेत्रों में ऐसी विकास परियोजनाओं का स्वागत किया जा रहा है, वहीं निरसा में विरोध केवल राजनीतिक कारणों से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की राजनीति करने वालों और विकास रोकने वालों के बीच जनता अंतर समझ रही है।
'भाजपा राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति करती है'
अपने संबोधन में ढुल्लू महतो ने कहा कि भाजपा जाति, क्षेत्र या वर्ग की नहीं बल्कि राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति विकास कार्यों में बाधा बनेगा, उसका भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
CM हेमंत सोरेन से की कार्रवाई की मांग
सांसद ने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में विकास चाहती है तो ऐसे मामलों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए सरकार की योजनाओं का विरोध करना जनता के बीच गलत संदेश देता है।
बिना अनुमति रैली पर भी उठाए सवाल
ढुल्लू महतो ने दावा किया कि जिला प्रशासन ने भाकपा (माले) को रैली की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बिना अनुमति कार्यक्रम हुआ है तो प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए ताकि कानून का समान रूप से पालन सुनिश्चित हो।
बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि दो वर्षों में सांसद ने धनबाद की दिशा और दशा बदल दी है। यह विपक्षियों को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। विकास विरोधियों के खिलाफ यह जनाक्रोश बता रहा है कि निरसा की जनता अब चुप नहीं बैठेगी।
अशोक मंडल की भाजपा में घर वापसी

अशोक मंडल की भाजपा में घर वापसी हो गई है। मंडल ने बुधवार को निरसा में सांसद ढुलू महतो की पदयात्रा के दाैरान भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वे धनबाद जिला भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव में झामुमो से टिकट नहीं मिलने पर मंडल ने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा में शामिल होकर निरसा से चुनाव लड़ा था। निरसा में सभा के दाैरान सांसद ढुलू महतो ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मंडल को पुनः भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की घोषणा की।
अशोक मंडल के पुनः भाजपा में शामिल होने पर भाजपायों ने उनका जोरदार स्वागत किया तथा गुलदस्ता देकर एवं पार्टी का झंडा देकर उन्हें सम्मानित किया। अशोक मंडल ने कहा कि सांसद बनते ही ढुलू महतो निरसा के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि विधायक अरूप चटर्जी विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं। पंचेत में टेलपुल डैम का काम भी गुरुदास चटर्जी ने रुकवाया। वे हमेशा जनता को आगे कर लूटने का काम करते रहे हैं।
भाजपा नेताओं की रही मौजूदगी
मौके पर अशोक मंडल ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन कुंभकार ने की जबकि संचालन जिला मंत्री संजय महतो ने किया। सभा में निताई राजवार, घनश्याम ग्रोवर, ज्ञान रंजन सिन्हा, मन्नू तिवारी, प्रशांत बनर्जी, संजय सिंह पिंटू, मधुरेंद्र गोस्वामी, बाम्पी चक्रवर्ती, डब्लू बाउरी, गोपाल राय, दीपा दास और धीरज मिश्रा सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
विधायक ने अलग शक्ति प्रदर्शन किया

भाकपा (माले) की ओर से विधायक अरूप चटर्जी के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय से पदयात्रा निकाली गई, जो देवियाना मोड़ के आगे सभा स्थल तक पहुंची। विधायक ने परियोजना में कथित अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना का ठेका भाजपा से जुड़े लोगों को दिया गया है।




