धनबाद को रेल का बड़ा तोहफा दिलाने की कोशिश, रेलमंत्री के सामने सांसद ढुलू महतो ने रखीं 10 बड़ी मांगें
धनबाद सांसद ढुलू महतो ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर धनबाद-दिल्ली और चंडीगढ़ ट्रेनों को नियमित करने, अलेप्पी क्लोन ट्रेन, नई ट्रेनों, रेलवे ओवरब्रिज और गोमो के पास अवैध खनन से रेल सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर मांग पत्र सौंपा।
HighLights:
- धनबाद-दिल्ली और चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने की मांग।
- धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस के लिए क्लोन ट्रेन चलाने का प्रस्ताव।
- सहरसा और न्यू जलपाईगुड़ी के लिए नई साप्ताहिक ट्रेन की मांग।
- नौ रेलवे फाटकों पर आरओबी/आरयूबी निर्माण का मुद्दा उठाया।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद की रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सांसद ढुलू महतो ने एक अहम पहल की है। मंगलवार को उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर धनबाद और आसपास के लाखों यात्रियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। सांसद ने रेल मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए बंद हो चुकी स्पेशल ट्रेनों को नियमित रूप से चलाने, नई ट्रेनों की शुरुआत, रेलवे फाटकों पर ओवरब्रिज निर्माण, ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा बढ़ाने और गोमो के पास अवैध खनन से रेलवे ट्रैक को हो रहे खतरे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें: 25 लाख के इनामी नक्सली अजय महतो की पत्नी बबिता ने किया सरेंडर, बोली- शोषण और मारपीट से टूट गया था भरोसा
दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वालों को मिल सकती है राहत
सांसद ने रेल मंत्री से धनबाद से दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए चल रही स्पेशल ट्रेनों को स्थायी रूप से नियमित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों को यात्रियों का जबरदस्त समर्थन मिला था और इनके बंद होने से हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने भविष्य में इन ट्रेनों का विस्तार जम्मू तक करने का भी सुझाव दिया, ताकि उत्तर भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके।
अलेप्पी एक्सप्रेस में भीड़, क्लोन ट्रेन चलाने की मांग
ढुलू महतो ने बताया कि धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस में वर्षभर अत्यधिक भीड़ रहती है। खासकर दक्षिण भारत में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को टिकट नहीं मिल पाता। इसे देखते हुए उन्होंने धनबाद से अलेप्पी के लिए क्लोन ट्रेन चलाने का आग्रह किया। उन्होंने रेल मंत्री को बताया कि इस संबंध में धनबाद रेल मंडल की ओर से प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि यदि क्लोन ट्रेन शुरू होती है तो वेल्लोर सहित दक्षिण भारत के अस्पतालों में इलाज कराने जाने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
सहरसा और न्यू जलपाईगुड़ी के लिए नई ट्रेन की मांग
सांसद ने धनबाद से सहरसा तथा न्यू जलपाईगुड़ी के लिए नई साप्ताहिक ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र के यात्रियों के लिए धनबाद से कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है, जबकि बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और व्यवसाय के लिए यात्रा करते हैं। नई ट्रेन शुरू होने से हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा।
शहर को जाम से राहत दिलाने की पहल
धनबाद शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए सांसद ने नौ प्रमुख रेलवे फाटकों पर रोड ओवरब्रिज (ROB) अथवा रोड अंडरब्रिज (RUB) के निर्माण की मांग दोहराई। उनका कहना था कि रेलवे फाटक बंद रहने के कारण शहर में घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को भी परेशानी होती है।
इन ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा बढ़ाने की मांग
रेल मंत्री से मुलाकात के दौरान सांसद ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा बढ़ाने अथवा नए सिरे से कोटा निर्धारित करने का आग्रह भी किया। इनमें प्रमुख रूप से— हावड़ा–मुंबई मेल, मालदा टाउन–सूरत एक्सप्रेस, जसीडीह–वास्को-द-गामा एक्सप्रेस, कोलकाता–अमृतसर दुर्गियाना एक्सप्रेस, रांची–भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, रांची–गोड्डा एक्सप्रेस, आसनसोल–भावनगर पारसनाथ एक्सप्रेस व सियालदह–बीकानेर दुरंतो एक्सप्रेस शामिल हैं।
गोमो में अवैध कोयला खनन से रेलवे ट्रैक पर मंडराया खतरा
बैठक के दौरान सांसद ने गोमो के पास मुख्य रेलवे ट्रैक के समीप हो रहे अवैध कोयला उत्खनन का गंभीर मामला भी रेल मंत्री के सामने उठाया। उन्होंने बताया कि ट्रैक से बेहद कम दूरी पर हो रहे अवैध खनन से रेलवे लाइन की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है और भविष्य में बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई, रेलवे की तकनीकी सुरक्षा जांच कराने तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
धनबाद की रेल व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद देश की कोयला राजधानी होने के साथ-साथ पूर्वी भारत का महत्वपूर्ण रेल केंद्र है। यहां से प्रतिदिन हजारों लोग इलाज, शिक्षा, रोजगार और व्यापार के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में यात्रा करते हैं। ऐसे में नई ट्रेनों का परिचालन, पुरानी ट्रेनों का नियमित संचालन और रेलवे आधारभूत संरचना का विस्तार समय की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करेगा और जल्द ही धनबाद के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
News Desk 



