पटना में पूर्व पार्षद अनिल यादव पर फायरिंग, अपार्टमेंट में घुसकर मारीं 5 गोलियां

पटना के किदवईपुरी-चकराम इलाके में पूर्व पार्षद अनिल कुमार यादव पर दो अपराधियों ने फायरिंग कर दी। पांच गोलियां लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान में जुटी है।

पटना में पूर्व पार्षद अनिल यादव पर फायरिंग, अपार्टमेंट में घुसकर मारीं 5 गोलियां
किदवईपुरी में पूर्व पार्षद अनिल यादव को मारी 5 गोलियां, हालत गंभीर।

Advertisement

    HighLights:

  • पटना के किदवईपुरी-चकराम इलाके में निगम के वार्ड 24 के पूर्व पार्षद अनिल यादव पर फायरिंग
  • अपार्टमेंट के नीचे बैठे अनिल यादव पर दो अपराधियों ने चलाईं गोलियां, हाथ व पैर में लगी गोलियां

पटना (Threesocieties.com Desk): राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के किदवईपुरी-चकराम इलाके में बुधवार शाम अपराधियों ने पूर्व वार्ड पार्षद अनिल कुमार यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपार्टमेंट के नीचे बैठे अनिल यादव को अपराधियों ने पांच गोलियां मारीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।

बताया जा रहा है कि वारदात के समय अनिल कुमार यादव अपार्टमेंट के बेसमेंट/नीचे अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी दौरान दो अपराधी पैदल वहां पहुंचे और उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने करीब पांच गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घायल अनिल यादव को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में उनके समर्थकों और परिचितों की भीड़ जुट गयी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पूर्व पार्षद को लगी पांच गोलियां 

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 विधि व्यवस्था कृष्ण मुरारी प्रसाद के अनुसार, अनिल कुमार यादव को कुल पांच गोलियां लगी हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गोली उनके बांह और पैर में लगी है। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज और जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बतायी गयी है। हालांकि घटना के शुरुआती विवरण में उनकी हालत गंभीर बतायी गयी थी। डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अपार्टमेंट के नीचे बैठे थे अनिल यादव

जानकारी के अनुसार, अनिल यादव चकराम रोड स्थित एक अपार्टमेंट के नीचे बैठे हुए थे। इसी दौरान दो हमलावर वहां पहुंचे और अचानक उन पर गोलियां बरसा दीं। फायरिंग के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गये। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल अनिल यादव को अस्पताल पहुंचाया गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास भी जांच की है और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, घटनास्थल पर सिटी एसपी और संबंधित थाने की पुलिस पहुंची है। मामले की जांच की जा रही है।

वार्ड 24 के पूर्व पार्षद हैं अनिल यादव

अनिल कुमार यादव पटना नगर निगम के वार्ड नंबर 24 के पूर्व पार्षद रह चुके हैं। उनकी पत्नी वर्तमान में पार्षद हैं। इसी वजह से घटना की जानकारी मिलते ही उनके समर्थकों और परिचितों की बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचने की सूचना है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे व्यक्तिगत विवाद, आपराधिक रंजिश या कोई अन्य वजह थी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

बेटे की मौत के बाद अब अनिल यादव पर हमला

बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले अनिल कुमार यादव के बेटे की भी मौत हुई थी। अब उनके ऊपर हुई गोलीबारी की घटना से परिवार और समर्थकों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी पर है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हमलावर पहले से अनिल यादव की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे या वारदात अचानक हुई।