HighLights:
- लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र का मामला, महिला ने लगाया गंभीर आरोप
- पीड़िता के मुताबिक नौकरी के दौरान मोहम्मद रेहान से हुई थी मुलाकात
- शादी का झांसा देकर शोषण ,गर्भवती होने पर गर्भपात की दवा खिलाने का आरोप
- अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी और धर्मांतरण का दबाव बनाने का दावा
लखनऊ (Threesocieties.com Desk): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में एक विवाहित महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब दो साल तक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला चार बच्चों की मां है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और बाद में शादी करने की बात से मुकर गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे अश्लील वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी गई और धर्मांतरण का दबाव बनाया गया।
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के मुंबई चले जाने की जानकारी मिली है और उसकी तलाश की जा रही है।
और भी पढ़ें
- धनबाद-शकूर बस्ती समेत 20 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, दिवाली-छठ पर वेटिंग से राहत
- बिहार MLC चुनाव: BJP को 3 सीटें, पटना में 30 साल बाद हारी, RJD ने मारी बाजी
- धनबाद: झरिया में अग्रसेन जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, झांकियों ने मोहा मन
- 1 घंटे खड़े रहकर धनबाद DC ने सुनी फरियाद, बुजुर्ग को 2 महीने बाद मिला राशन
नौकरी के दौरान हुई थी आरोपी से मुलाकात
पीड़िता के मुताबिक वह रायबरेली रोड के एक गांव की रहने वाली है और मोहनलालगंज कस्बे में किराये के मकान में रहती है। वह निजी कंपनी में नौकरी करती है। करीब दो साल पहले नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात बाराबंकी निवासी मोहम्मद रेहान से हुई थी। महिला का दावा है कि आरोपी भी उसी कंपनी में काम करता था। महिला के अनुसार, बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। इसी भरोसे के चलते दोनों के बीच संबंध बने। पीड़िता का आरोप है कि शादी का वादा करने के बावजूद आरोपी ने करीब दो वर्षों तक उसका शोषण किया।
गर्भवती होने पर गर्भपात कराने का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि इस दौरान वह गर्भवती भी हुई। उसके मुताबिक आरोपी ने उसे गर्भपात की दवाएं खिलाईं। महिला का दावा है कि जब उसने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया तो वह कथित तौर पर धमकी देने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो बनाए थे और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए दबाव में रखा।
शादी के लिए कहा तो धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप
महिला का आरोप है कि जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने कथित तौर पर धर्मांतरण की शर्त रखी। पीड़िता के अनुसार, इसी वजह से विवाद बढ़ गया और आरोपी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले रेहान अपने भाई की शादी में जाने की बात कहकर गया था। इसके बाद फोन पर उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने मोहनलालगंज थाने में लिखित शिकायत दी।
सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद दर्ज हुआ केस
पीड़िता का कहना है कि शिकायत देने के बाद शुरुआती स्तर पर पुलिस ने जांच की बात कही थी। बुधवार को कुछ समाजसेवियों ने मामले से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद मामला चर्चा में आया। इसके बाद पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। मोहनलालगंज के इंस्पेक्टर राम बाबू सिंह के मुताबिक, महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच में उसके मुंबई चले जाने की जानकारी सामने आई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं
मामले से संबंधित एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों और वायरल सामग्री की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।