धनबाद:जय हिंद सर! मैं कांस्टेबल एसके सिंह बोल रहा हूं,मेरे साथी कोयला तस्करी करा रहें है,कमाडेंट ने सस्पेंड किया

Advertisement

धनबाद।

आरपीएफ कांस्टेबल को कोयला तस्करी का कंपलेन कमाडेंट से करना महंगा पड़ा। कांस्टेबल ने कंपलेन कर आरपीएफ डीजी के ट्वीटर अकाउंट पर भी लोड कर दिया था। कमांडेंट ने कंपलेन करने वाले कांस्टेबल को ही सस्पेंड कर दिया है। धनबाद रेल डिवीजन गुरपा में तैनात आरपीएफ जवान एसके सिंह और धनबाद के सीनियर कमांडेंट हेमंत कुमार के बीच मोबाइल पर बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है। हैलो। जय हिंद सर ! मैं कोडरमा के गुरपा से कांस्टेबल एसके सिंह बैच नंबर 9751 बोल रहा हूं। सर, मेरे साथी जवान श्रवण कुमार कुमावत और मेस का कुक अजय गुप्ता कोयला चोरी करवाते हैं। आज विरोध किया तो मुझसे बकझक हो गई। मुझे वापस हेडक्वार्टर बुला लिया जाए सर। यहां नौकरी कर पाना मुश्किल है। फोन कॉल का वायरल ऑडियो है जिसे आरपीएफ के डीजी के ट्विटर एकाउंट पर भी लोड किया गया है। सीनियर कमांडेंट हेमंत कुमार ने कंपलेन करने वाले कांस्टेबल को ही सस्पेंड कर दिया है। कमांडेट और कांस्टेबल के बीच हुई बातचीत का ऑडियो आरपीएफ डीजी अरुण कुमार के ट्विटर हैंडल पर भी वायरल हो चुका है। यह मामला 26 फरवरी का है। कांस्टेबल कुमावत को भी सस्पेंड कर दिया गया है। कुक अजय पर आरपीएफ पोस्ट कोडरमा में कोयला चोरी का क्रिमनल केस दर्ज कर लिया गया है। कुक अजय फरार है। मामला पीएमओ, रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और जोनल आरपीएफ के ट्विटर पर भी जारी है। धनबाद डिवीजन कोयला चोरी को लेकर चर्चा में धनबाद रेल डिवीजन हमेशा कोयला चोरी को लेकर चर्चा में रहा है। लगभग 10 माह पहले ही कोयला चोरी को लेकर आरपीएफ डीजी यहां के तत्कालीन सीनियर कमांडेट बिनोद कुमार समेत कई को सस्पेंड कर दिया था। इससे धनबाद आरपीएफ महकमा में हड़कंप मच गया था। इसके कुछ दिन बाद फिर कोयला चोरी होने लगा। आरपीएफ डीजी भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त है। पिछले दिनों वे एसइआर के आइजी को भी हटा चुके हैं। मालगाड़ी से गेहूं चोरी का वीडियो 23 फरवरी को ट्विटर पर वायरल हुआ था। जवाब में कांस्टेबल अजय का मोबाइल जब्त होने की जानकारी दी गई। अगले दिन 24 को पुन: एक सील टूटी मालगाड़ी का वीडियो पोस्ट किया गया। 26 को गढ़वा स्टेशन रोड पोस्ट के टोरी यार्ड में कोयला चोरी का वीडियो पोस्ट हुआ। कांस्टेबल श्रवण कुमावत ने 25 फरवरी को शराब पकड़ी, लेकिन जब्त नहीं दिखाया गया। 26 फरवरी को कोयला चोरी की शिकायत पर कमांडेट हेमंत कुमार के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर गुरपा जाकर जांच की। कुमावत का बैग चेक किया तो शराब बरामद हुई। उसका वीडियो भी बनाया गया था। कोडरमा में कंपलेनर कांस्टेबल शैलेन्द्र का मोबाइल भी छीन लिया गया। आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट हेमंत कुमार ने कहा है कि मामले की विभागीय जांच की जा रही है। दोनों जवानों को अनुशासनहीनता के आरोप में सस्पेंड किया जा चुका है। कुक अजय फरार है। गिरफ्तारी के बाद ही तय होगा कि कुमावत की क्या भूमिका है। अगर जवान की संलिप्तता मिलेगी तो उस पर भी क्रिमनल केस किया जा सकता है।