BJP का बड़ा संगठन फेरबदल, नितिन नबीन की नयी टीम का एलान, स्मृति, बसुंधरा और राम माधव की एंट्री

BJP New Team: नितिन नबीन के नेतृत्व में बीजेपी ने नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। स्मृति ईरानी महामंत्री, वसुंधरा राजे और राम माधव उपाध्यक्ष बने। जानें पूरी लिस्ट।

BJP का बड़ा संगठन फेरबदल, नितिन नबीन की नयी टीम का एलान, स्मृति, बसुंधरा और राम माधव की एंट्री
नितिन नबीन ने नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया।

Advertisement

      HighLights:

  • बीजेपी की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और 16 राष्ट्रीय मंत्री शामिल
  • स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री और वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया
  • राम माधव की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर संगठन में वापसी हुई
  • अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया

नई दिल्ली (Threesocieties.com Desk): 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में घोषित इस टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। नई टीम में स्मृति ईरानी, वसुंधरा राजे, राम माधव और पीयूष गोयल जैसे प्रमुख नामों को अहम भूमिका मिली है।

बीजेपी की ओर से घोषित नई सूची को आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने संगठन में क्षेत्रीय संतुलन, महिला प्रतिनिधित्व और अलग-अलग सामाजिक समूहों की भागीदारी पर भी जोर दिया है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

स्मृति ईरानी की संगठन में बड़ी वापसी

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को बीजेपी का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के साथ उनकी पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक ढांचे में वापसी हुई है। स्मृति ईरानी बीजेपी की तेजतर्रार नेताओं में रही हैं और लंबे समय तक पार्टी की राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं। नई टीम में उन्हें महामंत्री की जिम्मेदारी मिलना संगठन में उनके अनुभव और राजनीतिक प्रभाव को देखते हुए अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय महामंत्रियों की सूची में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लव कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया शामिल हैं।

वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ राम माधव, तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रविण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस सूची में कई अनुभवी नेताओं को बरकरार रखा गया है, जबकि कुछ नेताओं की संगठन में नई भूमिका के साथ वापसी हुई है।

राम माधव की भी संगठन में वापसी, अरुण सिंह की छुट्टी

नई टीम में राम माधव का नाम भी खास तौर पर चर्चा में है। उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। संगठन और राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अनुभवी माने जाने वाले राम माधव की वापसी को बीजेपी के संगठनात्मक विस्तार और चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। राष्ट्रीय महासचिव व कार्यालय प्रभारी अरुण सिंह की छुट्टी कर दी गयी है। 

पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को बीजेपी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी राजेश अग्रवाल के पास थी। वहीं राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी संगठन में वित्तीय और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के स्तर पर भी यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के

बीजेपी ने सोशल मीडिया और आईटी संगठन में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया है। लंबे समय से पार्टी के आईटी सेल से जुड़े अमित मालवीय को इस जिम्मेदारी से हटाया गया है। उनकी जगह दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। वहीं प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। डिजिटल और सोशल मीडिया के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को देखते हुए यह बदलाव खासा अहम माना जा रहा है।

बीएल संतोष और सुनील बंसल समेत कई पुराने चेहरे बरकरार

बीजेपी ने अपनी नई टीम में अनुभव को भी महत्व दिया है। बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी में बरकरार रखा गया है। मीडिया से जुड़े संगठनात्मक कामकाज में अनिल बलूनी मीडिया संयोजक बने रहेंगे।

झारखंड और बिहार को भी मिला प्रतिनिधित्व

नई राष्ट्रीय टीम में झारखंड और बिहार के नेताओं को भी महत्वपूर्ण स्थान मिला है। डॉ. प्रदीप वर्मा को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। वहीं बिहार से सिद्धार्थ शंभु को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा ऋतुराज सिन्हा को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक बनाया गया है। बीजेपी की नई टीम में अलग-अलग राज्यों को प्रतिनिधित्व देकर संगठन में क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश नजर आती है।

विष्णु दत्त शर्मा को नई जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ बिहार से ऋतुराज सिन्हा और आंध्र प्रदेश से विष्णु वर्धन रेड्डी को सह-संयोजक बनाया गया है।

महिला नेताओं को भी अहम जगह

नई टीम में महिलाओं को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व दिया गया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, भारती प्रविण पवार और मधुचंद्र कर जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय मंत्री और विभिन्न मोर्चों में भी महिला नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इससे पार्टी संगठन में महिला भागीदारी बढ़ाने की दिशा में बीजेपी के प्रयास का संकेत मिलता है।

युवा, महिला, किसान और सामाजिक समीकरण पर फोकस

बीजेपी ने नई टीम में विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। युवा मोर्चा की जिम्मेदारी डॉ. हेमांग जोशी, महिला मोर्चा की जिम्मेदारी रूप कुमारी चौधरी, ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी अमरपाल मौर्य, किसान मोर्चा की जिम्मेदारी बंसीलाल गुर्जर, एससी मोर्चा की जिम्मेदारी शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा की जिम्मेदारी डॉ. मन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी कुंवर बासित अली को दी गई है। इससे साफ है कि पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन के साथ-साथ अपने विभिन्न सामाजिक और चुनावी आधार वाले मोर्चों को भी नए सिरे से सक्रिय करने की तैयारी की है।

2027 के चुनावों पर नजर

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान ऐसे समय हुआ है जब पार्टी को आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए संगठन को और मजबूत करना है। नई टीम में अनुभव और नए चेहरों का संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और विभिन्न सामाजिक समूहों को जगह देने की रणनीति दिखाई देती है। राजनीतिक तौर पर इसे सिर्फ संगठनात्मक फेरबदल नहीं बल्कि बीजेपी के अगले चुनावी मिशन की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है। पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर ऐसे नेताओं को जिम्मेदारियां दी हैं जिनका अलग-अलग राज्यों और संगठन में व्यापक अनुभव है।

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में प्रमुख जिम्मेदारियां

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष: वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, रेखा वर्मा, डी. पुरंदेश्वरी, बैजयंत जय पांडा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराजा, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

राष्ट्रीय महामंत्री: विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लव कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया।

राष्ट्रीय मंत्री: कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, डॉ. संदीप पाठक, फांग्नोन कोन्यक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभु, डॉ. स्वदेश सिंह, मृगांका देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश।

राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन): बीएल संतोष।

राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन): शिवप्रकाश और सौदान सिंह।

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष: पीयूष गोयल।

राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष: राजेश मंगल।

राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी: तरुण चुघ।

मीडिया संयोजक: अनिल बलूनी, मीडिया सह संयोजक: उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह संयोजक बनाया गया है। 

सोशल मीडिया संयोजक: दीपक म्हस्के, सोशल मीडिया सह संयोजक: प्रीति गांदी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह संयोजक का दायित्व सौंपा सौं गया है।

उत्तर-पूर्व संयोजक: डॉ. संबित पात्रा।

प्रकोष्ठ संकुल संयोजक: विष्णु दत्त शर्मा।