DCA AGM में बड़े फैसले: रणजी खिलाड़ियों को मिलेगी मानद सदस्यता, स्वर्ण जयंती पर आयोजन

DCA AGM में रणजी खिलाड़ियों को मानद सदस्यता देने और स्वर्ण जयंती समारोह का फैसला हुआ। काको मैदान, DCA एप, क्रिकेटर ऑफ द ईयर समेत कई अहम निर्णय लिए गए।

DCA AGM में बड़े फैसले: रणजी खिलाड़ियों को मिलेगी मानद सदस्यता, स्वर्ण जयंती पर आयोजन
DCA AGM में कई अहम फैसले।

Advertisement

       Highlights:

  • DCA AGM में रणजी खिलाड़ियों को मानद सदस्यता देने का फैसला
  • धनबाद क्रिकेट संघ की स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित होगा
  • JSCA के तीन टूर्नामेंट में धनबाद की टीम बनी विजेता
  • कोनैन कुरैशी और अनंदिता किशोर को क्रिकेटर ऑफ द ईयर सम्मान
  • काको मैदान में स्थानीय मैच शुरू करने की तैयारी

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) की मंगलवार को धनबाद क्लब में आयोजित वार्षिक आम बैठक (AGM) में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगी। बैठक में संघ की स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित करने के साथ-साथ धनबाद का प्रतिनिधित्व करते हुए रणजी ट्रॉफी खेलने वाले क्रिकेटरों को मानद सदस्यता देने का निर्णय लिया गया। बैठक में करीब 160 सदस्यों ने हिस्सा लिया।

महासचिव विनय कुमार सिंह ने बैठक में उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद अध्यक्ष मनोज कुमार ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए धनबाद क्रिकेट संघ की उपलब्धियों की जानकारी दी।

JSCA के तीन टूर्नामेंट में धनबाद बना चैंपियन

अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि पिछला सत्र धनबाद क्रिकेट के लिए काफी गौरवपूर्ण रहा। JSCA के तीन टूर्नामेंटों में धनबाद की टीम विजेता बनी। उन्होंने इस सफलता के लिए खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं, कोच और सपोर्ट स्टाफ समेत सभी सहयोगियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि धनबाद के क्रिकेटरों कोनैन कुरैशी और अनंदिता किशोर ने राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने में सफलता हासिल की है।

क्रिकेटर ऑफ द ईयर का भी हुआ चयन

DCA की ओर से सत्र 2025-26 के लिए क्रिकेटर ऑफ द ईयर का भी चयन किया गया है।

सीनियर पुरुष: कोनैन कुरैशी
सीनियर महिला: अनंदिता किशोर
जूनियर पुरुष: सिद्धार्थ सिन्हा
जूनियर महिला: वृष्टि कुमारी

इन सभी क्रिकेटरों को 27 सितंबर को वेडिंग बेल्स में आयोजित वार्षिक समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

रणजी खिलाड़ियों को मिलेगी मानद सदस्यता

AGM में धनबाद का प्रतिनिधित्व करते हुए रणजी ट्रॉफी खेलने वाले क्रिकेटरों को संघ की मानद सदस्यता देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इससे धनबाद के उन क्रिकेटरों को संघ से औपचारिक रूप से जोड़ने और उनके योगदान को सम्मान देने का रास्ता साफ हुआ, जिन्होंने रणजी स्तर पर धनबाद का प्रतिनिधित्व किया है।

DCA की आर्थिक स्थिति सरप्लस में

बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की ऑडिट रिपोर्ट भी पेश की गई। अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि तुलनात्मक रूप से DCA का खर्च बढ़ा है, लेकिन राहत की बात है कि संघ की आर्थिक स्थिति अभी भी सरप्लस में है। सदस्यों ने ऑडिटेड रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया। साथ ही श्याम पसारी को दोबारा ऑडिटर नियुक्त करने पर भी सहमति बनी।

काको मैदान में शुरू होंगे स्थानीय मैच

बैठक में काको मैदान को लेकर भी अहम जानकारी दी गई। अध्यक्ष ने बताया कि मैदान के निर्माण में JSCA की ओर से काफी सहयोग मिला है। अब DCA की योजना इस मैदान पर स्थानीय क्रिकेट मैचों का आयोजन शुरू करने की है। कतरास क्षेत्र में DCA का अपना कोई मैदान नहीं है। काको मैदान में अंतिम कार्य पूरा करने के लिए करीब तीन लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। AGM में सदस्यों ने इस राशि को मंजूरी दे दी।

पेपरलेस होगा DCA, लॉन्च होगा एप

धनबाद क्रिकेट संघ अब धीरे-धीरे पेपरलेस सिस्टम की ओर बढ़ रहा है। बैठक में DCA के एप विकसित किए जाने की जानकारी दी गई।एप के माध्यम से खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन समेत संघ से जुड़ी कई प्रक्रियाएं ऑनलाइन की जा सकेंगी। इससे क्रिकेटरों और संघ के बीच प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आसान बनाने में मदद मिलेगी।

पांच बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने पर निलंबन

AGM में संघ की प्रबंध समिति की बैठकों में सदस्यों की उपस्थिति को लेकर भी फैसला लिया गया। तय किया गया कि प्रबंध समिति की लगातार पांच बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले सदस्य को निलंबित किया जा सकता है।

JSCA में बदलाव और दलीप ट्रॉफी की उपलब्धि पर चर्चा

अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि अजयनाथ शाहदेव, सौरभ तिवारी और शाहबाज नदीम के JSCA की कमान संभालने के बाद क्रिकेट प्रशासन में कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 13 वर्ष बाद पूर्व क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी का खिताब जीता है। इस उपलब्धि के लिए धनबाद क्रिकेट संघ की ओर से JSCA को औपचारिक रूप से अप्रेशिएशन लेटर भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक को डा. इश्तियाक अहमद और इम्तियाज हुसैन ने भी संबोधित किया।

बैठक में वरीय उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, एसएन सिंह, वाईएन नरूला, जेके नैयर, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, आशनी सिंह, अभिषेक सिंह, मनोज कुमार सिंह, रविजीत सिंह डांग, संजीव झा, शांतनु चौधरी, जावेद खान, संजीव राणा, द्वारिका तिवारी, राजन सिन्हा समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।