बिहार में IAS अफसरों की बड़ी ‘उलटफेर’, 5 जिलों के DM बदले; पंकज कुमार बने गृह सचिव

बिहार में 17 IAS अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। पंकज कुमार गृह विभाग के प्रधान सचिव बने, जबकि भोजपुर, बेगूसराय, सीवान, सीतामढ़ी और कैमूर में नए DM की तैनाती हुई है।

बिहार में IAS अफसरों की बड़ी ‘उलटफेर’, 5 जिलों के DM बदले; पंकज कुमार बने गृह सचिव
गृह, वित्त, ग्रामीण विकास, शिक्षा, निगरानी और मद्य निषेध विभागों में बदलाव।

Advertisement

    HighLights:

  • बिहार सरकार ने 14 IAS अधिकारियों की नई पोस्टिंग और तबादले किए
  • पंकज कुमार को गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया,पटना को नया प्रमंडलीय आयुक्त मिला
  • भोजपुर, बेगूसराय, सीवान, सीतामढ़ी और कैमूर में नए DM तैनात किए गए

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 17 IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सोमवार रात तबादले और नई पोस्टिंग की अधिसूचना जारी की गई। इस बदलाव में राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों के साथ-साथ पांच जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं।

सबसे अहम बदलाव गृह विभाग में हुआ है। 1997 बैच के IAS अधिकारी पंकज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग से स्थानांतरित कर गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। वहीं उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को गृह सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

पंकज कुमार बने गृह विभाग के प्रधान सचिव

पंकज कुमार को राज्य के गृह विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनके स्थानांतरण के साथ गृह विभाग में नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू हुई है। वहीं 1996 बैच के IAS अधिकारी एचआर श्रीनिवासन को समाज कल्याण विभाग से स्थानांतरित कर ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

वित्त विभाग में भी बड़ा बदलाव

1999 बैच के IAS अधिकारी विनय कुमार को वित्त विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। वह नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे। वहीं वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है। उनके पास वाणिज्य कर आयुक्त, GST अपर आयुक्त और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

पटना को मिला नया प्रमंडलीय आयुक्त

प्रशासनिक फेरबदल के तहत पटना प्रमंडल को भी नया आयुक्त मिला है। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार को पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है। वहीं पटना के मौजूदा प्रमंडलीय आयुक्त मयंक बरवड़े को निगरानी विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारी 2001 बैच के IAS अधिकारी हैं।

शिक्षा विभाग में भी बदलाव

शिक्षा विभाग में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। 2010 बैच के IAS अधिकारी राजीव रौशन को शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। वह उच्च शिक्षा विभाग के सचिव और वित्त विभाग के संसाधन सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि उनके पास समाज कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा। जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह को लघु जल संसाधन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का सचिव बनाया गया है।

पांच जिलों के बदले DM

राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में पांच जिलों के जिलाधिकारी भी बदल दिए गए हैं। इनमें भोजपुर, बेगूसराय, सीवान, सीतामढ़ी और कैमूर शामिल हैं।

पांज जिलों के नये डीएम

भोजपुर (आरा): मनेश कुमार मीणा
बेगूसराय: रिची पांडेय
सीवान: विजय प्रकाश मीणा
सीतामढ़ी: तनय सुल्तानिया
कैमूर (भभुआ): कुमार अनुराग
मनेश कुमार मीणा बने भोजपुर के DM

खान निदेशक के पद पर तैनात मनेश कुमार मीणा को भोजपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह 2015 बैच के IAS अधिकारी हैं।

रिची पांडेय को बेगूसराय की जिम्मेदारी

सीतामढ़ी की मौजूदा जिलाधिकारी रिची पांडेय का तबादला बेगूसराय कर दिया गया है। अब वह बेगूसराय की नई जिलाधिकारी होंगी। रिची पांडेय 2016 बैच की IAS अधिकारी हैं।

विजय प्रकाश मीणा होंगे सीवान के नए DM

नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा को सीवान का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह भी 2016 बैच के IAS अधिकारी हैं।

तनय सुल्तानिया का सीतामढ़ी तबादला

भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया को सीतामढ़ी का नया DM बनाया गया है। 2017 बैच के IAS अधिकारी तनय सुल्तानिया अब सीतामढ़ी की प्रशासनिक कमान संभालेंगे।

कुमार अनुराग को कैमूर की जिम्मेदारी

बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक कुमार अनुराग को कैमूर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वह 2019 बैच के IAS अधिकारी हैं।

अरविंद चौधरी को बिपार्ड का अतिरिक्त प्रभार

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को बिहार राज्य संयुक्त परीक्षा पर्षद (BCECEB) के साथ-साथ बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (BIPARD) के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह 1995 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं।

नवदीप शुक्ला को भी नई जिम्मेदारी

युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग के विशेष सचिव नवदीप शुक्ला को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह बिहार कौशल विकास मिशन के कार्यपालक पदाधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।