ECR जीएम से मिले पिंटू कुमार सिंह, हावड़ा-गया वंदे भारत पटना तक चलाने की मांग
धनबाद रेल मंडल में यात्री सुविधाओं को लेकर क्षेत्रीय रेलवे सलाहकार समिति सदस्य पिंटु कुमार सिंह ने पूर्व मध्य रेल के GM से मुलाकात कर चार प्रमुख मांगें रखीं।
HighLights:
- क्षेत्रीय रेलवे सलाहकार समिति सदस्य पिंटु कुमार सिंह ने पूर्व मध्य रेल GM से की मुलाकात
- हावड़ा-गया वंदे भारत को पटना तक विस्तार देने की मांग
- धनबाद, गोमो, कोडरमा और कतरास में सफाई व्यवस्था की जांच की मांग
- धनबाद से बेंगलुरु, पुणे और नई दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन चलाने की मांग
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद रेल मंडल में यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर क्षेत्रीय रेलवे सलाहकार समिति, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के सदस्य पिंटु कुमार सिंह ने डिम्पी गर्ग, महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने धनबाद रेल मंडल से जुड़ी यात्री सुविधाओं और रेल परिचालन को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
पिंटु कुमार सिंह ने महाप्रबंधक को दिए आवेदन में हावड़ा से गया के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को पटना तक विस्तारित करने, हजारीबाग रोड स्टेशन का नाम बदलकर सरिया करने, प्रमुख स्टेशनों की सफाई व्यवस्था की जांच कराने और धनबाद से देश के प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेन चलाने की मांग की है।
हावड़ा-गया वंदे भारत को पटना तक विस्तार देने की मांग
आवेदन में सबसे प्रमुख मांग हावड़ा से गया तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को पटना तक विस्तार देने की है। पिंटु कुमार सिंह का कहना है कि इस ट्रेन का पटना तक विस्तार होने से रेल यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। साथ ही रेलवे की आय में भी वृद्धि हो सकती है।उन्होंने महाप्रबंधक से इस प्रस्ताव पर विचार करने का आग्रह किया है, ताकि धनबाद और आसपास के यात्रियों को पटना की ओर आने-जाने के लिए तेज रेल सेवा का लाभ मिल सके।
हजारीबाग रोड स्टेशन का नाम सरिया करने की मांग
पिंटु कुमार सिंह ने धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले हजारीबाग रोड स्टेशन का नाम बदलकर सरिया स्टेशन करने की मांग भी रखी है। उनका कहना है कि स्टेशन का नाम क्षेत्रीय पहचान के अनुरूप किए जाने से यात्रियों के बीच इसकी पहचान और स्पष्ट हो सकेगी। इसके लिए उन्होंने रेलवे स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है।
धनबाद समेत प्रमुख स्टेशनों की सफाई व्यवस्था पर सवाल
आवेदन में धनबाद, गोमो, कोडरमा और कतरास समेत धनबाद रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों की साफ-सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया है। पिंटु कुमार सिंह ने कहा है कि इन स्टेशनों पर सफाई व्यवस्था का काम निजी एजेंसी को दिया गया है, लेकिन उनके अनुसार व्यवस्था अपेक्षा के अनुरूप नहीं चल रही है। आवेदन में संबंधित एजेंसी के कामकाज की जांच कराने की मांग की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए निजी एजेंसी को रेलवे से भुगतान किया जाता है, इसलिए काम की गुणवत्ता और एजेंसी के प्रदर्शन की जांच की जानी चाहिए।
धनबाद से बेंगलुरु, पुणे और नई दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन की मांग
धनबाद रेल मंडल के यात्रियों की सुविधा के लिए बेंगलुरु, पुणे और नई दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन चलाने की मांग भी की गई है। धनबाद से बड़ी संख्या में यात्री देश के अलग-अलग शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में इन प्रमुख शहरों के लिए अतिरिक्त ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिल सकती है और मौजूदा ट्रेनों पर दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
रेलवे महाप्रबंधक के समक्ष रखीं चार प्रमुख मांगें
पिंटु कुमार सिंह ने अपने आवेदन के माध्यम से पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक के समक्ष धनबाद रेल मंडल से जुड़ी चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें वंदे भारत का पटना तक विस्तार, हजारीबाग रोड स्टेशन का नामकरण, प्रमुख स्टेशनों की सफाई व्यवस्था की जांच और बेंगलुरु, पुणे व नई दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन चलाना शामिल है। पिंटू कुमार सिंह के साथ भाजपा नेता तेज बहादुर सिंह भी थे।
Threesocieties News Desk 



