जिले के 42 हाई स्कूलों में नि:शुल्क शिक्षा सेवा देने वाले शिक्षक भी पढ़ायेंगे. शिक्षकों की कमी को देखते हुए डीइओ डॉ माधुरी कुमारी ने नि:शुल्क सेवा देने वाले योग्य व्यक्तियों से आवेदन मांगे थे. इनमें स्कूल-कॉलेजों के सेवानिवृत्त शिक्षक, बीएड प्रशिक्षु, शिक्षित बेरोजगार एवं अन्य विभागों के सेवानिवृत्त अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे. इसके बाद विभाग को कई ऐसे व्यक्तियों के आवेदन मिले, मामले में डीइओ की ओर से छात्र संगठनों को भी पत्र लिख कर ऐसे विद्यार्थियों की सूची बताने की अपील की गयी थी और छात्र संगठनों से भी ऐसे विद्यार्थियों के नाम मिले थे. शनिवार को एसडीएम राकेश कुमार की अध्यक्षता में डीइओ डॉ कुमारी एवं साक्षरता कर्मियों की बैठक हुई. बैठक में योग्यता रखने वाले व्यक्तियों को उनके प्रखंड के स्कूल देने पर मुहर लगी. 206 लोगों को मिला स्कूल : चार प्रखंडों में स्थित हाई स्कूलों के लिए 206 लोगों को लगाया गया है. हालांकि इनमें अधिकांश साक्षरता प्रेरक हैं. धनबाद से 53, बलियापुर से 94, निरसा से 29 एवं गोविंदपुर से 30 नि:शुल्क सेवा देने वाले लोग शामिल हैं. यह सभी लगभग 42 स्कूलों में अपनी सेवा देंगे. इधर हाई स्कूलों के बच्चों के लिए भी खुशखबरी है कि उन्हें शिक्षकों की कमी महसूस नहीं होगी. निरसा के नौ हाई स्कूल, बलियापुर के 13 हाई स्कूल, धनबाद के 11 एवं गोविंदपुर के नौ हाई स्कूलों को यह शिक्षक मिलेंगे. हालांकि पूरे जिले से ऐसे नि:शुल्क सेवा देने के लिए आवेदन देने वालों की संख्या करीब 504 है. इसलिए शेष योग्य लोगों को भी अन्य प्रखंडों व हाई स्कूलों में सेवा में लगाया जायेगा.