झारखंड में 15 JAS अफसर बने IAS, केंद्र की अधिसूचना जारी, चार अफसरों की प्रोन्नति चार्जशीट के कारण अटकी

झारखंड प्रशासनिक सेवा के 15 अधिकारियों को केंद्र सरकार ने IAS में पदोन्नत किया। DoPT की अधिसूचना जारी, 2015 बैच आवंटित। चार अधिकारियों की प्रोन्नति चार्जशीट के कारण फिलहाल रुकी।

झारखंड में 15 JAS अफसर बने IAS, केंद्र की अधिसूचना जारी, चार अफसरों की प्रोन्नति चार्जशीट के कारण अटकी
UPSC की समीक्षा के बाद 15 नामों पर मुहर।
  • 2024 की रिक्तियों पर केंद्र का फैसला
  • सभी को 2015 बैच आवंटित

रांची (Threesocieties.com Desk): झारखंड के प्रशासनिक तंत्र में बड़ा बदलाव हुआ है। झारखंड प्रशासनिक सेवा (JAS) के 15 वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति दे दी गई है। भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय (DoPT) ने वर्ष 2024 की रिक्तियों के आधार पर इन अधिकारियों की नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है।

यह भी पढ़ें: UPSC 2025 301वीं रैंक पर विवाद खत्म, ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती का दावा गलत, गाजीपुर की आकांक्षा सिंह सफल

केंद्र सरकार के इस फैसले से राज्य के 15 अधिकारियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। इन अधिकारियों को झारखंड कैडर में IAS के रूप में नियुक्त किया गया है और उन्हें 2015 बैच आवंटित किया जाएगा।

57 नामों की अनुशंसा, 15 पर लगी मुहर

जानकारी के अनुसार झारखंड सरकार के कार्मिक विभाग ने रिक्त पदों के सापेक्ष 57 अधिकारियों के नाम संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेजे थे। नियम के अनुसार एक पद के लिए तीन नामों की अनुशंसा की जाती है। UPSC और DoPT की गहन समीक्षा के बाद वरिष्ठता, सेवा रिकॉर्ड और अनुभव के आधार पर 15 अधिकारियों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। इनमें कई ऐसे अधिकारी शामिल हैं जिन्होंने राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।

कैडर नियम 1954 के तहत हुई नियुक्ति

अधिसूचना के अनुसार इन अधिकारियों की नियुक्ति भारतीय प्रशासनिक सेवा (कैडर) नियम, 1954 के तहत की गई है। सभी अधिकारियों को अगले आदेश तक प्रोबेशन पर रखा जायेगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन नियुक्तियों पर डब्ल्यूपी (एस) संख्या 2565/2024, जिसे राधेश्याम प्रसाद ने दायर किया है, के अंतिम न्यायिक फैसले का प्रभाव पड़ सकता है।

IAS में प्रोन्नत होने वाले 15 अधिकारियों की सूची

IAS में पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में शामिल हैं:

दिलेश्वर महतो

इश्तेयाक अहमद

विद्यानंद शर्मा पंकज

संगीता लाल

राबिन टोप्पो

नयनतारा केरकेट्टा

अरुण कुमार सिंह

आलोक शिकारी कच्छप

अनिलसन लकड़ा

नागेंद्र पासवान

सुबोध कुमार

आसिफ एकराम

नीरज कुमार सिंह

जुल्फिकार अली

अर्चना मेहता

इनमें से कई अधिकारी पहले रांची, उद्योग विभाग और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

चार अधिकारियों की प्रोन्नति फिलहाल रुकी

हालांकि सूची में शामिल चार अन्य अधिकारियों की प्रोन्नति फिलहाल रोक दी गई है। इन अधिकारियों में शामिल हैं:

पवन कुमार मंडल

राजीव रंजन

अमित कुमार

कुंदन कुमार

कार्मिक विभाग के अनुसार इन अधिकारियों पर विभिन्न मामलों में चार्जशीट लंबित होने के कारण उनकी प्रोन्नति पर रोक लगाई गई है। यदि भविष्य में न्यायालय से उन्हें राहत मिलती है तो उनके मामलों पर फिर से विचार किया जा सकता है।