Advertisement

    HighLights:

  • धनबाद में पहली बार झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 19 निर्वाचित सदस्य एक मंच पर आए
  • नई कार्यकारिणी के गठन में हो रही देरी पर सदस्यों ने गहरी नाराजगी जताई
  • चीफ रिटर्निंग ऑफिसर को संयुक्त पत्र भेजकर तत्काल प्रथम हाउस मीटिंग बुलाने की मांग की गई
  • अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बार काउंसिल ऑफ इंडिया प्रतिनिधि के शीघ्र चुनाव पर जोर

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड स्टेट बार काउंसिल की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर राज्य की कानूनी राजनीति अब नए मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। रविवार को धनबाद इस पूरे घटनाक्रम का केंद्र बन गया, जहां पहली बार झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 22 निर्वाचित सदस्यों में से 19 सदस्य एक मंच पर जुटे और नई कार्यकारिणी के गठन में हो रही देरी पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: 25 जुलाई से थम जाएंगी शहनाइयां! 4 महीने शादी-सगाई पर रहेगा ब्रेक, नोट कर लें 2026-27 के सभी शुभ मुहूर्त

धनबाद बार एसोसिएशन के महासचिव एवं झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नवनिर्वाचित सदस्य जितेंद्र कुमार की पहल पर धैया स्थित आमंत्रण ग्रीन में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक ने राज्य की बार काउंसिल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। करीब चार घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में परिषद के भविष्य, अधिवक्ताओं के हित और संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सर्वसम्मति से यह राय बनी कि निर्वाचित सदस्यों की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित होने के बावजूद अब तक प्रथम हाउस मीटिंग नहीं बुलाया जाना अधिवक्ताओं के हितों के विपरीत है। सदस्यों ने कहा कि इससे परिषद के नियमित कामकाज और अधिवक्ता कल्याण से जुड़ी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।

जितेंद्र कुमार ने उठाई तत्काल कार्रवाई की मांग

बैठक का समन्वय कर रहे जितेंद्र कुमार ने कहा कि झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि का चुनाव शीघ्र कराया जाना चाहिए, ताकि परिषद पूरी तरह सक्रिय होकर अधिवक्ताओं से जुड़े लंबित कार्यों को गति दे सके।उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन में हो रही देरी से अधिवक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जिसे जल्द समाप्त किया जाना चाहिए।

चीफ रिटर्निंग ऑफिसर को भेजा गया संयुक्त पत्र

बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (Chief Returning Officer) को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त पत्र भेजकर तत्काल प्रथम हाउस मीटिंग बुलाने और नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया जाएगा। बैठक के दौरान परिषद की भावी कार्ययोजना, अधिवक्ता कल्याण योजनाओं, संगठनात्मक मजबूती और सर्वसम्मति से नेतृत्व के चुनाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी व्यापक चर्चा हुई।

ये सदस्य रहे मौजूद

बैठक में जितेंद्र कुमार, रिकू भगत, मौली सिन्हा, नीलेश कुमार, मनोज कुमार (द्वितीय), मनोज कुमार (तृतीय), ललित यादव, ए.एन. चतुर्वेदी, प्रशांत सिंह, अनिल तिवारी, राजकुमार, परमेश्वर मंडल, अनिल महतो, संजय विद्रोही, अभिषेक भारती और मृत्युंजय श्रीवास्तव सहित कुल 19 निर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे।  वहीं मीरा कुमारी, निवेदिता कुडू और मधुलता ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुईं।इस अवसर पर धनबाद बार एसोसिएशन के अधिवक्ता पंकज कुमार वर्मा, मुकुल तिवारी, सुभोध कुमार, सीतेश कुमार सिंह, डेविड तथा अमित सिंह ने सभी निर्वाचित सदस्यों का स्वागत किया।