झारखण्ड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन में बड़ा फैसला: धनबाद के कृष्णा अग्रवाल बने अनुशासन समिति के सभापति
झारखण्ड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं अनुशासित बनाने के लिए अनुशासन समिति का गठन किया है। धनबाद निवासी एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल को समिति का सभापति नियुक्त किया गया है।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और अनुशासित बनाने की दिशा में झारखण्ड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सम्मेलन द्वारा अनुशासन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक विशेष अनुशासन समिति का गठन किया गया है। इस समिति के सभापति पद की जिम्मेदारी धनबाद निवासी एवं सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री कृष्णा अग्रवाल को सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें: 486वीं जयंती पर धनबाद में इतिहास रचेगा महाराणा प्रताप चौक, आदमकद प्रतिमा का होगा भव्य अनावरण

यह निर्णय गत 3 मई को राँची में आयोजित झारखण्ड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ सदस्यों ने संगठनात्मक अनुशासन को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसी दौरान अनुशासन समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अनुशासन समिति के सभापति पद के लिए श्री कृष्णा अग्रवाल के नाम का प्रस्ताव रखा। संगठन में उनकी सक्रियता, अनुभव और सामाजिक कार्यों में योगदान को देखते हुए सभी ने एकमत से उनके नाम का अनुमोदन किया।
इस संबंध में झारखण्ड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री श्री विनोद कुमार जैन ने औपचारिक पत्र जारी कर श्री कृष्णा अग्रवाल की नियुक्ति की घोषणा की। साथ ही उन्हें पाँच सदस्यीय अनुशासन समिति का गठन कर शीघ्र ही उसकी सूची प्रांतीय कार्यालय को उपलब्ध कराने का दायित्व भी सौंपा गया है।
नियुक्ति के बाद श्री कृष्णा अग्रवाल ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व एवं वरिष्ठ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की गरिमा, अनुशासन और कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समिति पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और संगठनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी सामाजिक संगठन की मजबूती उसके अनुशासन और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है। ऐसे में समिति का उद्देश्य संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय और अनुशासनात्मक व्यवस्था कायम करना होगा।
श्री कृष्णा अग्रवाल की नियुक्ति के बाद धनबाद सहित पूरे झारखण्ड के मारवाड़ी समाज एवं सामाजिक संगठनों में खुशी का माहौल है। समाज के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनेगा।






