BCCI Central Contract: रोहित-विराट का डिमोशन, A+ ग्रेड खत्म; 51 खिलाड़ियों की नई लिस्ट जारी, शमी-ईशान बाहर
BCCI ने 2025-26 के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का एलान कर दिया है। A+ ग्रेड समाप्त कर दिया गया है, रोहित शर्मा और विराट कोहली को ग्रेड-B में रखा गया है, जबकि मोहम्मद शमी और ईशान किशन को कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया है।
नई दिल्ली( Threesocieties.com Desk)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2025-26 सीजन के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है। इस बार बोर्ड ने बड़ा बदलाव करते हुए A+ ग्रेड को समाप्त कर दिया है और खिलाड़ियों को केवल A, B और C कैटेगरी में रखा गया है। कुल 30 पुरुष और 21 महिला क्रिकेटरों यानी 51 खिलाड़ियों को वार्षिक अनुबंध दिया गया है।
यह भी पढ़ें: Dhanbad Murder Case: 80 लाख के लोन विवाद में रिकवरी एजेंट की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
सबसे बड़ा झटका दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली को लगा है, जिन्हें पहले A+ ग्रेड में रखा जाता था, लेकिन अब उन्हें ग्रेड-B में शामिल किया गया है। इससे उनकी सालाना आय में भी कमी आई है।
रोहित-विराट का डिमोशन क्यों हुआ
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है और अब वे सीमित फॉर्मेट ही खेलते हैं। तीनों फॉर्मेट में नियमित रूप से नहीं खेलने की वजह से चयनकर्ताओं ने उन्हें ग्रेड-B में रखा है। पहले A+ ग्रेड में शामिल खिलाड़ियों को 7 करोड़ रुपये सालाना मिलते थे, जबकि ग्रेड-B में यह राशि लगभग 3 करोड़ रुपये होती है।
ग्रेड-A में गिल, बुमराह और जडेजा
नए कॉन्ट्रैक्ट में शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को ग्रेड-A में जगह मिली है। ये खिलाड़ी तीनों फॉर्मेट में टीम के प्रमुख सदस्य हैं और लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
शमी और ईशान किशन कॉन्ट्रैक्ट से बाहर
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को इस बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह नहीं मिली है। चयनकर्ताओं के अनुसार पिछले सत्र में अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने की वजह से उन्हें सूची से बाहर रखा गया है। इसके अलावा मुकेश कुमार और सरफराज खान भी अनुबंध सूची में शामिल नहीं हैं।
पुरुष टीम का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट (मुख्य श्रेणियां)
ग्रेड-A: शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा
ग्रेड-B: रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर
ग्रेड-C: अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नीतीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई, ऋतुराज गायकवाड़
महिला टीम का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट
महिला टीम में ग्रेड-A में कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा को शामिल किया गया है। वहीं ग्रेड-B में रेणुका ठाकुर, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष और स्नेह राणा को जगह मिली है। अन्य उभरती खिलाड़ियों को ग्रेड-C में रखा गया है।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की मुख्य बातें
कुल 51 खिलाड़ियों को अनुबंध
A+ ग्रेड समाप्त, केवल A-B-C ग्रेड लागू
रोहित-विराट ग्रेड-B में
शमी और ईशान किशन सूची से बाहर
गिल, बुमराह और जडेजा ग्रेड-A में






