बिहार: BMSICL डीजीएम की अकूत दौलत का खुलासा: SVU रेड पड़ते ही फेंके 1.25 करोड़ के गहने और 32 लाख कैश!
पटना में SVU की बड़ी कार्रवाई में BMSICL के DGM पंकज कुमार के ठिकानों पर छापा पड़ा। छापेमारी के दौरान 32 लाख नकद और करीब 1.32 करोड़ के सोने-हीरे के गहने बरामद हुए। आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच जारी।
- DGM पंकज कुमार की संपत्ति देख SVU की टीम भी हैरान
पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Special Vigilance Unit (SVU) ने गुरुवार को Bihar Medical Services and Infrastructure Corporation Limited के उप महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति के मामले में हुई इस कार्रवाई के दौरान जो खुलासे हुए, उसने जांच टीम को भी हैरान कर दिया।
छापेमारी के दौरान अधिकारी को देखते ही पंकज कुमार ने करीब सवा करोड़ रुपये के हीरे-सोने-चांदी के जेवरात और 32 लाख रुपये नकद बाहर फेंकने की कोशिश की। हालांकि टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी संपत्ति जब्त कर ली।
घर से मिली Gold की 150 रसीदें, संपत्ति की जांच शुरु
विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर का. लि. (बीएमएसआईसीएल) के उप महाप्रबंधक पंकज कुमार के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान आवास से सोने की खरीद से संबंधित करीब 150 रसीदें बरामद की थी। अब इन्हीं रसीदों के आधार पर अधिकारी की कुल संपत्ति का मूल्यांकन होगा। जांच एजेंसी के अनुसार, बरामद रसीदों से यह संकेत मिला है कि अधिकारी ने अपने लगभग 13 वर्षों के कार्यकाल के दौरान बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और हीरे के आभूषण खरीदे हैं। इन खरीदारी की रसीदें अलग-अलग समय और स्थानों की बताई जा रही हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
इसके अलावा बैंक खातों में जमा राशि की भी जांच होगा। छापेमारी के दौरान टीम को कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले थे। जांच में पता चला है कि डीजीएम का पटना के एक अपार्टमेंट में फ्लैट है, जबकि रानीघाट-महेंदूु इलाके में भी घर है। दस्तावेजों और रसीदों की जांच के आधार पर ही इनके खिलाफ आगे कार्रवाई होगी। अधिकारियों का कहना है कि बरामद 150 रसीदों के आधार पर आभूषणों की कुल कीमत का आकलन किया जाएगा। इसके बाद अचल संपत्तियों और अन्य निवेशों को जोड़कर आय और संपत्ति का तुलनात्मक मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे आय से अधिक संपत्ति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
13 साल की नौकरी में करोड़ों की संपत्ति का आरोप
SVU के अनुसार पंकज कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उन्होंने अपने करीब 13 वर्षों की सेवा अवधि में आय से कहीं अधिक संपत्ति जमा की।जांच एजेंसी ने उनके खिलाफ लगभग 96.46 लाख रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज कर अदालत से छापेमारी का वारंट लिया था।
पटना में तीन ठिकानों पर एक साथ छापा
SVU की टीम ने गुरुवार को Patna में पंकज कुमार के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इनमें शामिल हैं: कदमकुआं स्थित कोनिका मैहर अपार्टमेंट का फ्लैट, सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के रानीघाट स्थित आवास व पीएमसीएच परिसर में स्थित BMSICL का कार्यालय। तलाशी के दौरान कई अचल संपत्तियों और निवेश से जुड़े अहम दस्तावेज भी मिले हैं।
जांच में सामने आई कई फ्लैट और निवेश
छापेमारी के दौरान जांच टीम को पता चला कि पंकज कुमार के नाम पर कई संपत्तियां दर्ज हैं।
कंकड़बाग के पृथ्वीपुर स्थित शिवम अपार्टमेंट में दो फ्लैट
कदमकुआं स्थित कोनिका मैहर अपार्टमेंट में एक फ्लैट
बैंक खातों और अन्य निवेश से जुड़े कई दस्तावेज
इसके अलावा जांच के दौरान सोने के आभूषण खरीदने से जुड़ी 150 से अधिक रसीदें भी बरामद हुईं।
क्या-क्या बरामद हुआ?
छापेमारी के दौरान SVU टीम ने बड़ी मात्रा में संपत्ति जब्त की:
32 लाख रुपये नकद
करीब 1.32 करोड़ रुपये के हीरा, सोना और चांदी के जेवरात
150 से अधिक ज्वेलरी खरीद की रसीदें
बैंक खातों और वित्तीय निवेश से जुड़े दस्तावेज
पंकज कुमार ने पूछताछ के दौरान जब्त नकदी और जेवरात को अपनी संपत्ति बताया है।
जांच अभी जारी
SVU अधिकारियों के मुताबिक जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है और बैंक खातों, निवेश और अन्य संपत्तियों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






