बिहार: खगड़िया NH-31 बना मौत का हाईवे! बेकाबू ट्रक ने ऑटो समेत 3 वाहनों को रौंदा, 6 की दर्दनाक मौत
बिहार के खगड़िया जिले में NH-31 पर भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत और 8 लोग घायल हो गए। मानसी थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो, पिकअप वैन और सफारी वाहन को टक्कर मार दी। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
खगड़िया (Threesocieties.com Desk): बिहार के खगड़िया जिले में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मानसी थाना क्षेत्र के ठाठा स्थित एक लाइन होटल के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पहले एक ऑटोरिक्शा को जोरदार टक्कर मारी, फिर भागने के दौरान पिकअप वैन और सफारी वाहन को भी रौंद डाला। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा डेथ मिस्ट्री: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों का खुलासा, WhatsApp चैट और CCTV ने बढ़ाया हत्या का शक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटोरिक्शा खगड़िया से सवारी लेकर गोगरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने ऑटो में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।
मौके पर तीन की मौत, अस्पताल में तोड़ा दम
घटना स्थल पर ही दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई थी। वहीं इलाज के दौरान एक बच्चे और दो पुरुषों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में दो महिलाएं, दो बच्चे और दो पुरुष शामिल हैं। देर शाम तक जिन मृतकों की पहचान हो सकी, उनमें परबत्ता के झंझरा निवासी 9 वर्षीय स्वाती कुमारी और चैधा बन्नी निवासी रामू पासवान शामिल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
कई घायल, तीन की हालत गंभीर
यातायात थाना की दारोगा नीतू पटेल ने बताया कि आठ घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घायलों में मुंगेर के हरिणमार दियारा की अनिता देवी, भागलपुर के रंजीत पासवान, सुमन देवी, गोगरी की रहमातुन खातून, पसराहा के झंझरा निवासी प्रीतम कुमार और पूर्णिया के दिवाकर उर्फ संतु कुमार शामिल हैं।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। सड़क हादसे की खबर मिलते ही खगड़िया एसपी राकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सड़क पर आवागमन जल्द बहाल करने और मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना देने का निर्देश दिया। सदर अस्पताल में भी हादसे के बाद अफरातफरी का माहौल बना रहा। जैसे-जैसे मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे, वहां चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। सदर विधायक बबलू मंडल ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया।
विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद बढ़ा ट्रैफिक दबाव
स्थानीय लोगों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद NH-31 पर भारी वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। लगातार बढ़ते ट्रैफिक और बेलगाम ट्रक चालकों की वजह से इस मार्ग पर सड़क दुर्घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से NH-31 पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, नियमित जांच अभियान चलाने और संवेदनशील इलाकों में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने की मांग की है।






