10 मिनट डिलीवरी वाली Blinkit की रफ्तार पर ब्रेक! धनबाद में 80+ राइडर्स हड़ताल पर, रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन
धनबाद में Blinkit के 80 से अधिक डिलीवरी राइडर्स न्यूनतम वेतन, बेहतर पे-आउट और मानसिक उत्पीड़न के विरोध में हड़ताल पर चले गए हैं। रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन के बाद शहर में Blinkit सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
- न्यूनतम वेतन, बेहतर पे-आउट और आईडी अनब्लॉक करने की मांग
- रणधीर वर्मा चौक पर जुटे सैकड़ों राइडर्स, कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी
- कर्मचारियों का आरोप- 10 से 12 घंटे काम के बाद भी सिर्फ 500 रुपये तक सिमटी कमाई
धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयलांचल धनबाद में 10 मिनट के भीतर सामान डिलीवरी करने का दावा करने वाली Blinkit की सेवाएं बुधवार को अचानक ठप पड़ गईं। कंपनी के 80 से अधिक डिलीवरी कर्मचारी (राइडर्स) न्यूनतम पारिश्रमिक, बेहतर पे-आउट और मानसिक उत्पीड़न के विरोध में हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के कारण शहर में Blinkit की डिलीवरी सेवाएं प्रभावित हो गईं।
यह भी पढ़ें: बिहार: खान सर की कोचिंग पर हमला: पटना पुलिस का बड़ा एक्शन, ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार
अपनी मांगों को लेकर आक्रोशित डिलीवरी कर्मचारी बड़ी संख्या में रणधीर वर्मा चौक पर जुटे और कंपनी प्रबंधन एवं स्थानीय मैनेजर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उनसे अत्यधिक काम कराया जा रहा है लेकिन उसके अनुपात में भुगतान नहीं किया जा रहा। डिलीवरी कर्मचारियों ने Blinkit के नावाडीह स्टोर पर धरना दिया व नारेबाजी की। इस आंदोलन को युवका कांग्रेस का समर्थन मिल रहा है। झारखंड युवक कांग्रेस के प्रसिडेंट कुमार गौरव उर्फ सोनू व आदित्य आनंद खुद घरना पर बैठ गये हैं।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों में शामिल सोनू कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी में जान जोखिम में डालकर रोजाना 10 से 12 घंटे तक काम करने के बावजूद उनकी औसत दैनिक कमाई केवल 500 रुपये के आसपास रह जाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पे-आउट सिस्टम पूरी तरह असंतोषजनक है और इसे तुरंत बदलने की जरूरत है।
क्या हैं राइडर्स की मुख्य मांगें?
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने कंपनी के मौजूदा भुगतान ढांचे पर सवाल उठाते हुए कई मांगें सामने रखी हैं। राइडर्स की मांग है कि:
• पांच किलोमीटर तक की डिलीवरी पर मिलने वाले 35-37 रुपये को बढ़ाकर 50 रुपये फिक्स किया जाए।
• एक किलोमीटर तक की डिलीवरी पर कम से कम 20 रुपये का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
• पांच किलोमीटर से अधिक दूरी की डिलीवरी पर वर्तमान 12-13 रुपये प्रति किलोमीटर की जगह 20 रुपये प्रति किलोमीटर भुगतान मिले।
• इतनी भीषण गर्मी में कम से कम 900 से 1000 रुपये की दैनिक आय सुनिश्चित की जाए।
कर्मचारियों ने लगाया मानसिक उत्पीड़न का आरोप
आंदोलन कर रहे राइडर्स ने स्थानीय प्रबंधन पर मानसिक उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि जो भी अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाता है, उसे आईडी ब्लॉक करने की धमकी दी जाती है। राइडर्स के अनुसार, अब तक आधा दर्जन से अधिक कर्मचारियों की आईडी बिना स्पष्ट कारण के ब्लॉक की जा चुकी है।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, पे-आउट में सुधार नहीं होता और ब्लॉक की गई आईडी दोबारा एक्टिव नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में सोनू कुमार, सचिन माझी, चंदन कुमार सहित सैकड़ों डिलीवरी राइडर्स शामिल रहे। अब देखना होगा कि कंपनी प्रबंधन कर्मचारियों की मांगों पर क्या रुख अपनाता है और शहर में प्रभावित डिलीवरी सेवाएं कब तक सामान्य हो पाती हैं।






