‘धनबाद में मौत का धमाका: गैस कटर सिलेंडर ब्लास्ट से मची चीख-पुकार, दम घुटने से 3 की मौत, 2 जिंदगी से जूझ रहे’

धनबाद के मुनीडीह में गैस कटर सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा, दम घुटने से तीन लोगों की मौत जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल। SNMMCH में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी।

‘धनबाद में मौत का धमाका: गैस कटर सिलेंडर ब्लास्ट से मची चीख-पुकार, दम घुटने से 3 की मौत, 2 जिंदगी से जूझ रहे’
एसएनएमएमसीएच में पीड़ित परिजन।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है।  शनिवार देर रात  बीसीसीएल के मुनीडीह स्थित बंद पड़े सीपीपी (कैप्टिव पावर प्लांट) में चोरी से लोहा काटने प्लांट में घुसे चोरों में तीन की क्लोरीन गैस की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। गैंस चपेट में आकर सीआईएसएफ के तीन जवान और बीसीसीएल का एक कर्मचारी भी बीमार हो गये। चारों का लोकल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें: कोल इंडिया की FY25 रेटिंग जारी: CMPDIIL टॉप पर ‘उत्कृष्ट’, BCCL ‘बहुत अच्छी’, ECL पिछड़ी

 कैसे हुआ हादसा

बताया जाता है कि शनिवार देर रात करीब 12 बजे  प्लांट के पिछले हिस्से की टूटी चहारदीवारी के दर्जन भर चोर गैस कटर लेकर लोहा काटने अंदर घुसे थे।  उन्होंने क्लोरीन गैस की टंकी की पाइप काटने की कोशिश की। टंकी में क्लोनीर गैस भरी थी। रिसाव की चपेट में आकर कई चोर बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर अफरातफरी मच गई। रिसाव से प्रभावित लोगों का इलाज एसएनएमएमसीएच, धनबाद में चल रहा है।

गैस रिसाव का प्रभाव घटनास्थल से दूर तक हुआ। ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ के तीन जवान और एक बीसीसीएल कर्मी भी चपेट में आ गए। चारों बेहोश होकर गिर पड़े। एसएनएमएमसीएच में इलाज के दौरान संजय यादव और मो. अजहरुद्दीन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति का शव मुनीडीह ओपी पुलिस ने सीपीपी कैंपस के बाहर मैदान से बरामद किया। वहीं मो. अब्राहिम और मो. इमामुद्दीन का इलाज जारी है, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान केंदुआ निवासी संजय यादव, आनंद ताम्रकार उर्फ भोंदा तथा लोयाबाद निवासी मो. अजहरुद्दीन के रूप में हुई है।

इधर, प्लांट से करीब आधा किलोमीटर दूर दामोदर नदी स्थित पंप हाउस में रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे सीआईएसएफ के तीन जवान-दर्शन सिंह, बिपिन कुमार और ज्ञान सिंह-सहित बीसीसीएल कर्मी पुना बाउरी एवं आउटसोर्सिंग कर्मी दुनिया लाल सिंह भी गैस की चपेट में आने से बीमार पड़ गए। उनका इलाज बीसीसीएल के केंद्रीय अस्पताल में चल रहा है।

मुनीडीह एरिया के जीएम अरिंदम मुस्तफी, क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी बीएस वर्णवाल, सीपीपी प्रबंधन के अधिकारी, केंदुआडीह सर्किल इंस्पेक्टर जय प्रकाश महतो, पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन, मुनीडीह ओपी प्रभारी मनीता कुमारी तथा भागाबांध ओपी प्रभारी धर्मराज कुमार रविवार सुबह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अस्पताल में मौत से मचा मातम

घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान संजय यादव, आनंद कुमार और मो. अजहरुद्दीन की मौत हो गई। वहीं, मो. इमामुद्दीन का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

परिजनों की जुबानी दर्द

मृतक संजय यादव के परिजनों ने बताया कि वह घर से दोस्त के साथ काम पर जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात करीब एक बजे वह अचानक घर लौटे, लेकिन उनकी हालत बेहद खराब थी। उन्हें तेज सांस फूलने, खांसी और बेचैनी हो रही थी। परिजनों के अनुसार, वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे और सिर्फ इतना बता सके कि "गैस सिलेंडर फट गया"। कुछ ही देर में उनकी हालत और बिगड़ गई—मुंह से झाग निकलने लगा, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बीसीसीएल इलाके में रात को चोरी से लोहा कटिंग 

लोकल लोगों का आरोप है कि कथित तौर पर अवैध रूप से लोहा कटिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में आकर आनंद कुमार, संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन की मौत हो गई। जबकि दो युवक घायल हो गये। मृतक आनंद कुमार की मां कंचन देवी ने बताया कि मुख्तार अंसारी नामक व्यक्ति उनके बेटे को घर से बुलाकर ले गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वह भोले-भाले युवकों को पैसों का लालच देकर रात में बीसीसीएल क्षेत्र में लोहा कटिंग का काम करवाता है, जिसके चलते यह हादसा हुआ है।

इलाज के दौरान संजय यादव की मौत

वहीं संजय यादव की मां मंजू देवी ने बताया कि उनका बेटा रात करीब 11 बजे घर से निकला था। जल्द लौटने की बात कही थी। देर रात वह गंभीर हालत में घर पहुंचा और बताया कि गैस से जल गया है। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। मो इमामुद्दीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे रिम्स रेफर किया गया है। वहीं एक अन्य घायल इलाज के दौरान अस्पताल से फरार हो गया है.

पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने कहा कि लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना के संबंध में सीआईएसएफ की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जायेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर ब्लास्ट किन परिस्थितियों में हुआ और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही हुई थी। उपकरणों का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है?