धनबाद पुलिस लाइन हुआ हाईटेक: आधुनिक शास्त्रगार व आर्मूरी भवन का उद्घाटन

धनबाद पुलिस केंद्र में आधुनिक शास्त्रगार एवं आर्मूरी शाखा भवन का भव्य उद्घाटन डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने किया। नए भवन से हथियारों की सुरक्षा, रख-रखाव और पुलिस प्रबंधन को नई मजबूती मिलेगी।

धनबाद पुलिस लाइन हुआ हाईटेक: आधुनिक शास्त्रगार व आर्मूरी भवन का उद्घाटन
सुरक्षा और प्रबंधन को मिलेगी नई मजबूती।
  • डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने किया उद्घाटन
  • हथियारों के सुरक्षित भंडारण और त्वरित उपलब्धता के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध

धनबाद (Threesocieties.com Desk): शनिवार को धनबाद पुलिस केंद्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में नवनिर्मित आधुनिक शास्त्रगार एवं आर्मूरी शाखा भवन का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अत्याधुनिक भवन का उद्घाटन उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस मौके पर वरीय अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

यह भी पढ़ें: धनबाद: “श्रम का सम्मान ही सच्ची सेवा” — मारवाड़ी युवा मंच झरिया ने श्रमिकों को किया सम्मानित

यह नया भवन पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी सुविधा के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि इससे हथियारों के सुरक्षित भंडारण, नियमित रख-रखाव और त्वरित उपलब्धता को अधिक व्यवस्थित और मजबूत बनाया जा सकेगा। पुलिस प्रशासन ने इसे विभाग के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।

डीसी आदित्य रंजन बोले— पुलिस व्यवस्था की रीढ़ है सुरक्षित शास्त्रगार

उद्घाटन समारोह के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि किसी भी पुलिस व्यवस्था की मजबूती उसके हथियारों के सुरक्षित और वैज्ञानिक भंडारण पर निर्भर करती है। पहले पुराने भवन में हथियारों के रख-रखाव और प्रबंधन में कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस नए आधुनिक भवन में सभी कार्य अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से किए जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि पुलिस केंद्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कई निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। बीते कुछ समय में पुलिस केंद्र की व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और आने वाले समय में इसे और अधिक आधुनिक और सुदृढ़ बनाया जाएगा।डीसी ने यह भी कहा कि पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा— पुराना भवन था जर्जर, सुरक्षा बनी थी चुनौती

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि पुराना शास्त्रगार भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच चुका था, जिससे सुरक्षा और रख-रखाव को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हो रही थीं। इसी वजह से नए भवन का निर्माण कराया गया। उन्होंने कहा कि नए शास्त्रगार में हथियारों की संख्या और उनकी संवेदनशीलता को देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया है। यहां हथियारों के सुरक्षित भंडारण, नियमित देखरेख और त्वरित उपलब्धता के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं।

एसएसपी ने बताया कि भवन की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल की तैनाती रहेगी। पूरे परिसर की सख्त घेराबंदी की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की चूक की संभावना न्यूनतम हो सके।

स्थायी रूप से तैनात रहेंगे प्रभारी अधिकारी

एसएसपी ने यह भी कहा कि शास्त्रगार के प्रभारी अधिकारी और उनके सहायक स्थायी रूप से परिसर में ही तैनात रहेंगे। इससे हथियारों की निगरानी, रख-रखाव और अभिलेखों का संधारण लगातार और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। इस व्यवस्था से जरूरत पड़ने पर हथियारों की उपलब्धता भी तेज और सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में भी वृद्धि होगी।

पुलिस विभाग के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम

उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस विभाग के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। सभी अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस नए भवन के शुरू होने से पुलिस बल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और अधिक मजबूती आएगी।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने नए भवन के सफल संचालन और बेहतर उपयोग के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई और इसे पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, एसडीपीओ निरसा रजत मणिक बाखला, डीएसपी मुख्यालय धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार, डीएसपी विधि-व्यवस्था नौशाद आलम, डीएसपी ट्रैफिक अरविन्द कुमार सिंह, डीएसपी साइबर संजीव कुमार, डीएसपी सुनील कुमार सिंह, डीएसपी प्रदीप कुमार, सार्जेंट मेजर अवधेश कुमार, विनोद कुजूर, राकेश दुबे, धनबाद थाना प्रभारी मनोज पाण्डेय, सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार, ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।