बकरीद पर धनबाद पुलिस का ‘ऑपरेशन अलर्ट’! आंसू गैस, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का हुआ लाइव अभ्यास
बकरीद पर्व को लेकर धनबाद पुलिस हाई अलर्ट पर है। पुलिस केंद्र में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित कर दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, वाटर कैनन, आंसू गैस और त्वरित कार्रवाई का अभ्यास किया गया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
- बकरीद को लेकर धनबाद पुलिस हाई अलर्ट पर, पुलिस केंद्र में हुआ व्यापक मॉकड्रील
- आंसू गैस, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का अभ्यास, हर आपात स्थिति से निपटने को तैयार पुलिस
- संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी
धनबाद (Threesocieties.com Desk): बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। जिले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, सांप्रदायिक तनाव या विधि-व्यवस्था की चुनौती से निपटने के लिए मंगलवार को पुलिस केंद्र में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित किया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर आयोजित इस विशेष मॉक ड्रिल में पुलिस जवानों और अधिकारियों ने दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन कार्रवाई का लाइव प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन ने साफ संकेत दिया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मॉक ड्रिल के दौरान सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, डीएसपी मुख्यालय कुमार विनोद, डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव, एसडीपीओ सिंदरी प्रकाश चंद्र महतो तथा सार्जेंट मेजर अवधेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जवानों को हर परिस्थिति में संयम, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
दंगा नियंत्रण का लाइव प्रदर्शन
पुलिस केंद्र में आयोजित अभ्यास के दौरान जवानों ने आंसू गैस के गोले दागने, लाठीचार्ज, फायरिंग, संदिग्ध हालात में त्वरित रिस्पांस तथा वाटर कैनन के इस्तेमाल का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उपद्रवियों को नियंत्रित करने, भीड़ को तितर-बितर करने और संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने की रणनीति का भी अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल की तैयारी को मजबूत करना और किसी भी आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय को बेहतर बनाना है।
संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
धनबाद पुलिस ने जिले के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों की पहचान कर ली है। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, क्यूआरटी (Quick Response Team) और विशेष गश्ती दलों की तैनाती की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। डायल 112 की पेट्रोलिंग टीम को भी लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव ने कहा कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर माहौल खराब करने, भड़काऊ संदेश फैलाने या सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
धनबाद पुलिस ने जिलेवासियों से बकरीद को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी धार्मिक और सामाजिक संगठनों के सहयोग से पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा। त्योहार को लेकर पुलिस की चौकसी और तैयारियों से साफ है कि प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।






