धनबाद पुलिस की ‘प्रोफेशनल पुलिसिंग’ क्लास: 100+ अफसरों को एसएसपी ने दिया एक्शन प्लान

धनबाद पुलिस केंद्र में आयोजित विशेष कार्यशाला के दूसरे दिन 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों को प्रोफेशनल पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण, तकनीकी पुलिसिंग और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान का प्रशिक्षण दिया गया। एसएसपी प्रभात Kumar ने बेहतर कानून-व्यवस्था और त्वरित चार्जशीट दाखिल करने पर जोर दिया।

धनबाद पुलिस की ‘प्रोफेशनल पुलिसिंग’ क्लास: 100+ अफसरों को एसएसपी ने दिया एक्शन प्लान
धनबाद पुलिस कार्यशाला में SSP का बड़ा संदेश।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक पेशेवर, तकनीकी और प्रभावी बनाने की दिशा में धनबाद पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस केंद्र धनबाद में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला के दूसरे दिन मंगलवार को जिलेभर के विभिन्न थाना और ओपी में तैनात 100 से अधिक पुलिस पदाधिकारियों को आधुनिक और प्रोफेशनल पुलिसिंग का प्रशिक्षण दिया गया।

यह भी पढ़ें: मई में धनबाद पुलिस की बड़ी उपलब्धि: 1884 चरित्र प्रमाण पत्र जारी, सत्यापन प्रक्रिया हुई तेज

कार्यशाला का नेतृत्व वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार ने किया। इस दौरान सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुलिस अवर निरीक्षक (SI) स्तर के अधिकारियों को कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, तकनीकी पुलिसिंग और जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और समय पर चार्जशीट पर जोर

कार्यशाला को संबोधित करते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि किसी भी मामले में बेहतर अनुसंधान पुलिसिंग की रीढ़ होता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों में निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि नए आपराधिक कानूनों और उनके प्रावधानों का लगातार अध्ययन करना जरूरी है क्योंकि बदलते कानूनों की सही जानकारी ही प्रभावी पुलिसिंग की बुनियाद है।

तकनीकी पुलिसिंग और सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश

एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए केवल पारंपरिक पुलिसिंग पर्याप्त नहीं है। तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग, मजबूत सूचना तंत्र और सतर्क निगरानी व्यवस्था विकसित करना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए और अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाए ताकि अपराध होने से पहले ही उसे रोका जा सके।

जनता का विश्वास बढ़ाना सबसे बड़ी प्राथमिकता

कार्यशाला में अधिकारियों को यह भी स्पष्ट संदेश दिया गया कि थाना आने वाले हर फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए। शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील समाधान कर जनता का विश्वास बढ़ाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि थाना स्तर पर व्यवहार, संवाद और त्वरित कार्रवाई के जरिए आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जाए।

व्यावहारिक प्रशिक्षण से बढ़ेगी कार्यक्षमता

कार्यशाला में मौजूद सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब तथा डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय ने भी अधिकारियों को संबोधित किया और फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिए।

इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाना, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारना और जनता को अधिक बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। धनबाद पुलिस का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।