धनबाद पुलिस की ताकत बढ़ी: 40 नए बोलेरो और 45 अपाचे बाइक शामिल, DC-SSP ने दिखाई हरी झंडी

धनबाद पुलिस को 40 आधुनिक बोलेरो वाहन और 45 अपाचे मोटरसाइकिल मिलीं। DC आदित्य रंजन और SSP प्रभात कुमार ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोलिंग होगी तेज।

धनबाद पुलिस की ताकत बढ़ी: 40 नए बोलेरो और 45 अपाचे बाइक शामिल, DC-SSP ने दिखाई हरी झंडी
थाना और अंचल कार्यालयों को बोलेरो आवंटित।

धनबाद (Threesocieties.com Desk ): जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। राज्य सरकार की ओर से धनबाद पुलिस को उपलब्ध कराए गए 40 आधुनिक बोलेरो वाहन को सोमवार को पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह भी पढ़ें: झारखंड: सांसद कालीचरण सिंह के प्रयास रंग लाए: चतरा लोकसभा क्षेत्र में 127.69 करोड़ से बनेंगी सड़कें और पुल

इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से सभी वाहनों को रवाना किया। इन वाहनों को जिले के विभिन्न थाना और पुलिस अंचल कार्यालयों में तैनात किया गया है, जिससे पुलिस की गश्ती व्यवस्था और त्वरित कार्रवाई की क्षमता में काफी बढ़ोतरी होगी।

शहर से गांव तक मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की कार्यक्षमता और प्रतिक्रिया समय दोनों में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि अब पुलिस शहर के साथ-साथ दूरदराज ग्रामीण इलाकों में भी अधिक तेजी से पहुंच सकेगी, जिससे कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार संसाधन उपलब्ध करा रहा है, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा कायम रहे।

दुर्गा पूजा से पहले प्रमुख चौक-चौराहों पर लगेंगे CCTV

उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि दुर्गा पूजा से पहले शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी कैमरे स्थापित कर दिए जाएं, जिससे अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन दोनों में मदद मिलेगी।

धनबाद पुलिस को मिली 45 अपाचे बाइक

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों को नए वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में धनबाद को 40 बोलेरो वाहन मिले हैं। इसके साथ ही पुलिस को 45 अपाचे मोटरसाइकिल भी मिली हैं, जिनका उपयोग विशेष रूप से गश्त, त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए किया जाएगा।

अब और तेज होगी पुलिस की प्रतिक्रिया

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि सभी वाहनों के संचालन और रखरखाव के लिए संबंधित अधिकारियों और चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इन वाहनों के माध्यम से पुलिस की पेट्रोलिंग और भी प्रभावी होगी, जिससे किसी भी घटना या सूचना पर त्वरित कार्रवाई करना आसान होगा और जरूरतमंद लोगों तक जल्द मदद पहुंचाई जा सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले वित्तीय वर्ष में धनबाद पुलिस को और भी नए वाहन मिलने की संभावना है, जिससे जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में मौजूद रहे ये अधिकारी

इस अवसर पर कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, एसडीएम लोकेश बारांगे, डीएसपी मुख्यालय धीरेन्द्र नारायण बंका, एसडीपीओ बाघमारा पुरुषोत्तम कुमत सिंह, डीएसपी साइबर संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी और पुलिस जवान शामिल थे।

इन थाना और अंचल कार्यालयों को मिले वाहन

नए वाहनों को जिले के कई थाना और पुलिस अंचल कार्यालयों में तैनात किया गया है। राजगंज थाना 1, तोपचाँची थाना 1, बाघमारा थाना 1, हरिहरपुर थाना 1, कतरास थाना 1, निरसा थाना 1, पंचेत ओ०पी० 1, टुण्डी थाना 1, पूर्वी टुण्डी थाना 1, पुलिस केन्द्र, धनबाद 1, गोविन्दपुर अंचल 1, जोड़ापोखर अंचल 1, सिन्दरी अंचल 1, केन्दुआडीह अंचल 1, कतरास अंचल 1, तोपचाँची अंचल 1, निरसा अंचल 1, महुदा अंचल 1, टुण्डी अंचल 1, चिरकुण्डा थाना 1, धनबाद थाना 2, सरायढेला थाना 2, बैंकमोड़ थाना 1, धनसार थाना 1, भूली ओ०पी० 1, गोविन्दपुर थाना 1, बरवाअड्डा थाना 1, जोड़ापोखर थाना 1, झरिया थाना 1, बलियापुर थाना 1, पुटकी थाना 1, केन्दुआडीह थाना 1, जोगता थाना 1, लोयाबाद थाना 1, महुदा थाना 1, मधुबन थाना 1, तेतुलमारी थाना 1, बरोरा थाना 1 वाहन दिया गया है।