Advertisement

धनबाद। जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक शनिवार को डीसी संदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभी मापदंड पूरा करने वाले ग्रामीण क्षेत्र के पांच व शहरी क्षेत्र के एक स्कूल को आरटीई के तहत मान्यता प्रदान की गई। वहीं शेष 69 स्कूलों को मापदंड पूरा करने के लिए नोटिस भेजने का निर्णय लिया गया।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें:धनबाद: झरिया के तांत्रिक चंदन शास्त्री समेत चार पर रेप के प्रयास का आरोप, कोर्ट में किया सीपी केस

इन 69 स्कूलों की समीक्षा में स्कूल के नाम एक लाख रुपये का सावधि जमा नहीं करने, भवन नक्शा की स्वीकृति सक्षम प्राधिकार से नहीं होने, अग्निशमन की सुविधा (प्रमाण पत्र के साथ) उपलब्ध नहीं होने व भूमि के निबंधन की स्थिति मापदंड के अनुरूप नहीं होने के कारण नोटिस भेजने का निर्णय लिया गया है। इसमें शहरी क्षेत्र के 43 व ग्रामीण क्षेत्र के 26 स्कूलशामिल है।  समीक्षा के दौरान यह भी पाया गया कि 56 स्कूलों के पास अग्निशमन सुविधा के संबंध में प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं है। इनमें डा. पीएल इंटरनेशनल स्कूल पूर्वी टुंडी, संत जेवियर हाई स्कूल टुंडी तथा डेफोडिल्स पब्लिक स्कूल नावागढ़ शामिल हैं।

बैठक में डीसी ने कहा कि जितने स्कूल एनओसी पर चल रहे हैं, वे लीज डीड बनाने की प्रक्रिया को पूरा करें। वहीं जिला अग्निशमन पदाधिकारी, जिन विद्यालयों में अग्निशमन सुविधा के संबंध में प्रमाण पत्र नहीं है, उसकी जांच करें। जिन विद्यालयों के भवन का नक्शा सक्षम प्राधिकार से स्वीकृत नहीं है, वे उसे स्वीकृत कराने के लिए शीघ्र उस दिशा में कदम उठाए। सभी मापदंडों को पूरा करने के बाद स्कूलों को आरटीई के तहत मान्यता प्रदान की जाएगी। उन्होंने सभी सरकारी विद्यालयों में अग्निशमन सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। 
बैठक में एमएलए राज सिन्हा ने कहा कि नेशनल इंस्टीट्यूट आफ ओपन स्कूलिंग (एनआईओएस) को मान्यता देना है। उन्होंने इस संबंध में सभी स्कूलों को सूचित करने का अनुरोध किया। बैठक में डीडीसी शशि प्रकाश सिंह, एमपी के शिक्षा प्रतिनिधि रणविजय सिंह, झरिया एमएलए के प्रतिनिधि केडी पांडेय, टुंडी विधायक के प्रतिनिधि पवन कुमार महतो, सिंदरी विधायक के प्रतिनिधि कुमार महतो, जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र भूषण सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक भूतनाथ रजवार, शिक्षाविद टुंडी शिव पुकार उपाध्याय व अन्य लोग उपस्थित थे।

जिन स्कूलों को मिली है मान्यता

ग्रामीण क्षेत्र की संत जान डी ब्रिटो स्कूल जीतपुर गोमो, क्रेडो वर्ल्ड स्कूल आमाघाटा, अग्रसेन सरस्वती विद्या मंदिर चिरकुंडा, एकलव्य मद्य विद्यालय सहराज, डीनोबिली स्कूल गोमो व शहरी क्षेत्र के लायंस पब्लिक स्कूल सिंदरी को मान्यता प्रदान की गई। इन स्कूलों ने स्कूलों के नाम एक लाख रुपये की सावधि जमा, भूमि निबंधन, भवन नक्शा की स्वीकृति, आरटीई नियमावली के अनुसार विद्यालय प्रबंध समिति का गठन, खेल का मैदान, अग्निशमन की सुविधा (प्रमाण पत्र के साथ) सहित अन्य मापदंड को पूरा किया है।