Advertisement
  • एसएसपी प्रभात कुमार की सख्ती
  •  फरवरी में दर्ज मामलों से ज्यादा कांडों का हुआ निष्पादन

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार की अध्यक्षता में फरवरी माह की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: धनबाद: झरिया में मारवाड़ी युवा मंच ने लगाया फ्री कान जांच शिविर, 78 लोगों की जांच, 36 को मिला उपचार

बैठक में ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में जिले में अपराध की स्थिति, कानून-व्यवस्था, दर्ज मामलों के निष्पादन, लंबित कांडों की प्रगति तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

फरवरी में दर्ज से ज्यादा मामलों का निष्पादन

समीक्षा के दौरान बताया गया कि फरवरी माह में जिले में कुल 369 कांड दर्ज किए गए, जबकि इसी अवधि में 402 मामलों का निष्पादन किया गया। यानी पुलिस ने दर्ज मामलों से अधिक लंबित कांडों का निपटारा कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

लंबित कांडों में बड़ी कमी, पहली बार 1999 पर पहुंचा आंकड़ा

पुलिस द्वारा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी का असर अब साफ दिखने लगा है। जिले में लंबित कांडों की संख्या घटकर पहली बार 1999 रह गई है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या करीब 4300 थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अपराध अनुसंधान और केस डिस्पोजल के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

आर्म्स एक्ट मामलों में स्पीडी ट्रायल, पांच आरोपियों को सजा

बैठक में आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।

पुलिस के अनुसार पूर्व से लंबित 85 मामलों में स्पीडी ट्रायल चल रहा है। इसके परिणामस्वरूप फरवरी में पांच मामलों में आरोपियों को अदालत द्वारा सजा सुनाई गई। बाकी मामलों की सुनवाई भी तेजी से जारी है।

फरार अपराधियों पर शिकंजा, विशेष टीम गठित

एसएसपी प्रभात कुमार ने फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। इसके तहत फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

लंबित वारंटों के निष्पादन का लक्ष्य

बैठक में लंबित वारंटों के निष्पादन पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि मार्च महीने में कम से कम 50 प्रतिशत लंबित वारंटों का निष्पादन सुनिश्चित करें।

जमीन दलाल और भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई

जिले में जमीन दलालों और भू-माफियाओं की गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

ईद और रामनवमी को लेकर विशेष सुरक्षा

आगामी ईद और रामनवमी पर्व को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और मॉल में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए। इसके अलावा असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रिवेंटिव एक्शन लेने के निर्देश भी दिए गए हैं। बंगाल चुनाव को लेकर सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट

पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पश्चिम बंगाल वेस्ट जोन के एडीजी के साथ बैठक कर दोनों राज्यों के बीच अपराधियों की सूची का आदान-प्रदान किया गया है। जल्द ही सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चेक पोस्ट भी स्थापित किए जाएंगे।

ट्रैफिक नियमों पर सख्ती, पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट अनिवार्य

जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए भी अहम निर्णय लिए गए हैं। एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिस को फैंसी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही अब दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

वाहन चोरी गिरोह की पहचान, जल्द गिरफ्तारी की तैयारी

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं में कमी आई है। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह से जुड़े कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।