धनबाद: झरिया में हथियारों के साथ 4 अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने फायरिंग-रंगदारी की बड़ी साजिश नाकाम की
धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 3 पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 15 कारतूस, चोरी की दो बाइक और मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपी फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने और रंगदारी गैंग बनाने की तैयारी में थे।
धनबाद (Threesocieties.com Desk) : धनबाद पुलिस ने झरिया थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए फायरिंग कर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने की साजिश रच रहे चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, चोरी की दो मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया।
यह भी पढ़ें: बिहार: 'AK-47 से भून दूंगा...', भाजपा विधायक को मिली जान से मारने की धमकी; सोशल मीडिया पोस्ट पर बवाल
शनिवार शाम झरिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 8 मई 2026 की रात वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी झरिया क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने और नया आपराधिक गिरोह तैयार करने के उद्देश्य से जुटे हुए हैं।
राज प्लस टू विद्यालय के पास पुलिस ने की घेराबंदी
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल विशेष छापेमारी दल का गठन किया। टीम ने राज प्लस टू विद्यालय के समीप घेराबंदी कर चार अपराधियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान गोविंदपुर थाना क्षेत्र के तियाडाहा निवासी राजेश शर्मा (35), अलकडीहा थाना क्षेत्र के सुरुंगा निवासी विकास सिंह (30), गोधर निवासी विनोद रवानी (46) और समस्तीपुर (बिहार) निवासी चन्द्रदेव राय (48) के रूप में हुई है।
मुख्तार अंसारी के घर से मिले हथियार
पुलिस पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर बस्ताकोला स्थित मुख्तार अंसारी के आवास पर छापेमारी की गई। यहां से पुलिस ने तीन अवैध पिस्टल, एक देसी कट्टा, 15 जिंदा कारतूस, चोरी की दो मोटरसाइकिलें और चार स्मार्टफोन बरामद किए। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मुख्तार अंसारी फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
“नए अपराधी गुट को पनपने नहीं देंगे” : सिटी एसपी
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि धनबाद पुलिस जिले में किसी भी नए अपराधी गिरोह को पनपने नहीं देगी। उन्होंने बताया कि अपराधी इलाके में फायरिंग कर खौफ का माहौल बनाना चाहते थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनकी योजना विफल हो गई।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गिरफ्तार अपराधियों का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह से कोई संबंध नहीं है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनके आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।
छापेमारी दल में शामिल थे ये अधिकारी
इस कार्रवाई में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, सिंदरी डीएसपी आशुतोष कुमार सत्यम, झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार, बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार, लोयाबाद थाना प्रभारी पीकू प्रसाद ,जोगता थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।
पुलिस की बरामदगी
03 अवैध पिस्टल
01 देसी कट्टा
15 जिंदा कारतूस
02 चोरी की मोटरसाइकिल
04 स्मार्टफोन
सिटी एसपी का बयान
“अपराधी क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने की फिराक में थे। समय रहते सूचना मिलने और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना को टाल दिया गया है। मुख्य आरोपी मुख्तार अंसारी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।” – ऋत्विक श्रीवास्तव, सिटी एसपी, धनबाद।






