धनबाद: बरोरा के माथाबांध में कोयला कारोबारी को घेरकर बरसाईं गोलियां, पुलिस ने दो आरोपियों को किया अरेस्ट

धनबाद के बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध में पुरानी रंजिश को लेकर कोयला कारोबारी रवींद्र चौहान पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

धनबाद:  बरोरा के माथाबांध में कोयला कारोबारी को घेरकर बरसाईं गोलियां, पुलिस ने दो आरोपियों को किया अरेस्ट
प्रेस कांफ्रेस में जानकारी देते ग्राामीण एसपी।
  • मुखिया पति समेत 6 नामजद
  • हथियार संग दो अपराधी गिरफ्तार

धनबाद(Threesocieties.com Desk)। कोयला राजधानी धनबाद के बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध में शनिवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुरानी रंजिश को लेकर कोयला कारोबारी रवींद्र चौहान पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने उन्हें घेरकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें वह घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें:धनबाद: हीरापुर में करोड़ों की चोरी: शादी में गया परिवार, घर से पुश्तैनी जेवर और 9 लाख नकद लेकर फरार हुए चोर


चार बाइक पर पहुंचे आठ से दस हमलावर
घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पियोर बरोरा निवासी रवींद्र चौहान अपनी मोटरसाइकिल से बरोरा से डुमरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह माथाबांध ग्राउंड के पास बरोरा-डुमरा मुख्य मार्ग पर पहुंचे, चार से पांच बाइक पर सवार आठ से दस युवकों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने बिना कुछ कहे ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में रवींद्र चौहान के पैर में गोली लगी। हालांकि चोट गंभीर नहीं बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बाघमारा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया।
इलाके में दहशत, कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाघमारा, मधुबन, सोनारडीह, हरिहरपुर, महुदा, रामकनाली और लोयाबाद थाना की पुलिस को भी तैनात किया गया।
इंस्पेक्टर रुस्तम अंसारी के नेतृत्व में पुलिस ने पूरे इलाके में सघन छापेमारी अभियान शुरू किया। घटनास्थल से पुलिस ने दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा और घायल रवींद्र चौहान की मोटरसाइकिल बरामद की।
दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
घटना के बाद पीड़ित रवींद्र चौहान की शिकायत पर बरोरा थाना में गौरव चौहान, अनीश चौहान, पवन यादव, विशाल चौहान, नीरज उर्फ मोटका समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी विशाल चौहान और अनीश चौहान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और कई मामलों में इनका नाम सामने आ चुका है। बरोरा फायरिंग मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है, लेकिन मुख्य साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मुखिया पति समेत कई नामजद, पुरानी रंजिश की आशंका
घायल रवींद्र चौहान ने हमलावरों में गौरव चौहान समेत अन्य लोगों की पहचान की है। पुलिस ने मुखिया पति शंकर बेलदार, गौरव चौहान, नीरज चौहान, अनीश चौहान, विशाल चौहान, पवन यादव समेत चार अज्ञात के खिलाफ हत्या की नीयत से फायरिंग का मामला दर्ज किया है। पुलिस इस पूरे मामले को आपसी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी रवींद्र चौहान पर हमला हो चुका है, जिसे इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
फरार आरोपियों की तलाश तेज
मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।