धनबाद: मैथन डैम से गायब नवविवाहिता का Instagram SOS: ‘भाई, मुझे बचा लो… राहुल उठा ले गया’

मैथन डैम से रहस्यमय तरीके से लापता नवविवाहिता ने Instagram पर भाई को मैसेज कर बचाने की गुहार लगाई है। राहुल नामक युवक पर अपहरण और बंधक बनाने का आरोप लगा है। पुलिस Instagram लोकेशन ट्रैक कर जांच में जुटी है।

धनबाद: मैथन डैम से गायब नवविवाहिता का Instagram SOS: ‘भाई, मुझे बचा लो… राहुल उठा ले गया’
मैथन डैम मिस्ट्री में नया ट्विस्ट।

HighLights

  • नवविवाहिता ने Instagram पर भाई को भेजा मदद का संदेश
  • राहुल नामक युवक पर अपहरण और बंधक बनाने का आरोप
  • Instagram मैसेज मिलने के बाद पुलिस लोकेशन ट्रैकिंग में जुटी
  • मैथन डैम घूमने आई थी नवविवाहित जोड़ी, नौका विहार के दौरान हुई थी गायब

धनबाद (Threesocieties.com Desk): मैथन डैम से रहस्यमय परिस्थिति में लापता हुई नवविवाहिता के मामले में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। कई दिनों से गायब महिला ने अपने भाई को Instagram पर मैसेज भेजकर खुद को बचाने की गुहार लगाई है। इस मैसेज के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और अब पूरे मामले की जांच तेजी से की जा रही है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन:फाउंडर अभिजीत दीपके बोले- 5 दिन में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें

नवविवाहिता ने अपने भाई को भेजे गए संदेश में लिखा— “भाई, मुझे बचा लो। राहुल मुझे मैथन डैम से उठा कर ले गया है। उसने मुझे कमरे में बंद कर रखा है। मुझे खाना तक नहीं दिया जा रहा है। मैं कहां हूं, मुझे खुद नहीं पता। किसी तरह उसका मोबाइल कमरे में छूट गया था, इसलिए मैसेज कर रही हूं। मुझे बचा लो भाई।” यह संदेश मिलते ही महिला के भाई, जो सुदामडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है, ने तत्काल इसकी सूचना मैथन पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए Instagram अकाउंट, मैसेज की लोकेशन और अन्य डिजिटल सुरागों की जांच शुरू कर दी।

मैथन ओपी प्रभारी अभिनव कुमार ने बताया कि पुलिस Instagram से मिले इनपुट के आधार पर तकनीकी जांच कर रही है और जल्द ही महिला तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि पुलिस इस संभावना से भी इनकार नहीं कर रही कि यह मैसेज जांच को भटकाने की कोशिश भी हो सकती है। इसलिए हर एंगल से जांच जारी है।

दरअसल, 31 मई को पश्चिम बंगाल के कल्याणेश्वरी फाड़ी क्षेत्र का रहने वाला एक नवविवाहित जोड़ा मैथन डैम घूमने पहुंचा था। बताया जाता है कि इस दौरान पति अपनी साली के साथ नौका विहार के लिए चला गया, जबकि पत्नी ने पेट दर्द होने की बात कहकर डैम किनारे बैठने की बात कही।लेकिन जब पति नौका विहार करके वापस लौटा, तब तक उसकी पत्नी वहां से गायब हो चुकी थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तब मामले की सूचना मैथन पुलिस को दी गई।

अब Instagram पर आए इस मदद के संदेश ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही महिला का पता लगा लिया जाएगा, लेकिन सवाल अभी भी कायम है— क्या यह अपहरण है, प्रेम प्रसंग है या फिर कोई बड़ी साजिश? फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम पर पूरे धनबाद और आसपास के इलाके की नजर बनी हुई है।