Advertisement

धनबाद।(Threesocieties.com Desk)। धनबाद लोकसभा के सांसद ढुलू महतो ने अपने क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने लेतबेदी बरवाडीह(बिराजपुर, बरवाअड्डा) निवासी सुनील चौधरी को धनबाद जिला विकास योजना का प्रतिनिधि मनोनीत किया है।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें:IIT ISM धनबाद के स्टूडेंट सुमित कुमार ने वर्ल्डक्वांट के इंटरनेशनल क्वांट चैंपियनशिप 2025 में हासिल किया दूसरा स्थान

सांसद ढुलू महतो द्वारा इस संबंध में एक औपचारिक पत्र जारी किया गया है, जिसकी प्रतियां उपायुक्त (DC), एसडीएम, डीडीसी, कार्यपालक अभियंता जिला परिषद, नगर निगम, झमाडा, लघु सिंचाई विभाग, भवन निर्माण प्रमंडल, पेयजल एंव स्वच्छता विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को भेज दी गयी हैं।

सांसद द्वारा नियुक्त किये गये प्रतिनिधि के रूप में सुनील चौधरी अब धनबाद जिले में विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा और निगरानी का कार्य करेंगे। उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे सांसद की ओर से विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तैयार करें और आवश्यक निरीक्षण एवं फीडबैक उपलब्ध करायें।

यह नियुक्ति धनबाद के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि जिले में कई चल रही विकास योजनाओं की गति हाल के महीनों में धीमी बताई जा रही थी। अब उम्मीद है कि नए प्रतिनिधि के रूप में सुनील चौधरी के जुड़ने से परियोजनाओं की निगरानी और कार्यान्वयन में पारदर्शिता और तेजी आयेगी।

स्थानीय लोगों ने भी सांसद के इस फैसले का स्वागत किया है। बरवाअड्डा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि सुनील चौधरी जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं और अब सांसद के प्रतिनिधि के रूप में जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभायेंगे।