Advertisement

       HighLights

ADVERTISEMENT
  • सिटी सेंटर, बैंक मोड़, पूजा टॉकीज़ समेत कई चौक-चौराहों का किया दौरा
  • जवानों का हालचाल जानकर कार्य परिस्थितियों की ली जानकारी
  • मेयर बोले- “जनसेवा में लगे कर्मयोगियों के साथ खड़ा रहना हम सबका कर्तव्य”
  • शहरवासियों ने पहल को बताया संवेदनशीलता और सेवा भाव का उदाहरण

धनबाद (Threesocieties.com Desk): भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच जहां आम लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, वहीं ट्रैफिक पुलिस के जवान घंटों सड़क पर खड़े होकर यातायात व्यवस्था को संभाल रहे हैं। ऐसे कठिन हालात में धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने ट्रैफिक जवानों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान दिखाते हुए शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचकर उन्हें छाते वितरित किए।

यह भी पढ़ें:‘सेवा -संघर्ष जारी है’ धनबाद MP ढुलू महतो के जनसेवा के 2 साल पूरे, बोले- जनता का विश्वास ही मेरी ताकत

बुधवार को मेयर संजीव सिंह शहर के कई व्यस्त ट्रैफिक प्वाइंट्स पर पहुंचे, जहां उन्होंने सिटी सेंटर, पूजा टॉकीज़, श्रमिक चौक, बैंक मोड़ समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर तैनात ट्रैफिक पुलिस जवानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जवानों का हालचाल जाना और कठिन मौसम में उनके कार्य अनुभवों की जानकारी ली।

मेयर ने कहा कि सड़क पर घंटों खड़े होकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना आसान नहीं है। खासकर तब, जब तापमान लगातार बढ़ रहा हो और लोग गर्मी से परेशान हों। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस जवान न केवल यातायात को नियंत्रित करते हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं।छाता वितरण कार्यक्रम के दौरान मेयर संजीव सिंह ने जवानों से अपील की कि वे अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें, समय-समय पर पानी पीते रहें और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं।

उन्होंने कहा, “ट्रैफिक पुलिस के जवान हर मौसम में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। आज जब धनबाद भीषण गर्मी की चपेट में है, तब इन जवानों का समर्पण और सेवा भावना और भी प्रेरणादायक है। छाता वितरण के माध्यम से हमने उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने और गर्मी से कुछ राहत पहुंचाने का प्रयास किया है। जनसेवा में लगे ऐसे कर्मयोगियों के साथ खड़ा रहना हम सभी का कर्तव्य है।”

मेयर की इस पहल का ट्रैफिक पुलिस जवानों ने स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इसे एक सकारात्मक और मानवीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे कदम जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल और संवेदनशील सोच को दर्शाते हैं।

धनबाद में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच मेयर की यह पहल न केवल राहत पहुंचाने वाली साबित हुई, बल्कि यह संदेश भी दिया कि शहर की व्यवस्था संभालने वाले कर्मियों की चिंता करना भी समाज की जिम्मेदारी है।