- घायल और उसके साथी के बयानों में मिला विरोधाभास
- घटनास्थल से नहीं मिला खून का निशान और न ही खोखा
- छिनतई नहीं, कोयला खनन क्षेत्र के वर्चस्व विवाद का शक
- पुलिस अब दुग्दा क्षेत्र में जाकर करेगी जांच
धनबाद: तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए कथित गोलीकांड मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती तौर पर सड़क अपराध और बाइक लूट की कहानी बताई जा रही थी, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ने के साथ अब मामला कोयला खनन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घायल युवक और उसके साथी के बयानों में मिले विरोधाभास ने पुलिस की शंका और गहरा कर दी है।
यह भी पढ़ें: धनबाद में आधी रात फायरिंग से सनसनी: चालक के घर पर चली गोली, खिड़की भेद अलमारी में जा फंसी
और भी पढ़ें
- धनबाद में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: 1200 किलो लड्डू नष्ट, मद्रास कैफे पर जुर्माना
- धनबाद के धैया में चला बुलडोजर, 1.03 एकड़ वन भूमि और सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त
- JPSC घोटाले में बड़ा खुलासा: 11 अभ्यर्थियों से वसूले एक करोड़, लैपटॉप में मिले 24 नाम
- मधुबनी गोलीकांड: ग्रामीण की मौत पर बवाल, DM का कॉलर पकड़ा; फरार ASI पर 25 हजार इनाम
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि तोपचांची थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली लगी है। घायल युवक की पहचान रवि बख्श राय के रूप में हुई, जिसे इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने के बाद बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
घायल रवि बख्श राय ने पुलिस को बताया कि वह अपने मित्र दिवाकर सिंह के साथ पल्सर एनएस बाइक पर सवार होकर देवघर जा रहा था। इसी दौरान तोपचांची बाजार के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें रोककर गोली मार दी और बाइक लेकर फरार हो गए। युवक के मुताबिक घटना के दौरान तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो गोलियां उसके दोनों पैरों में लगीं। हालांकि पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की तो कई सवाल खड़े हो गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल पर न तो खून के निशान मिले और न ही कोई खोखा बरामद हुआ। इसके अलावा घायल और उसके साथी के बयानों में भी कई विसंगतियां सामने आईं, जिससे पूरी कहानी संदेह के घेरे में आ गई।
बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि असली घटना संभवतः दुग्दा थाना क्षेत्र में हुई थी, जहां कोयला खनन से जुड़े वर्चस्व विवाद के दौरान फायरिंग की घटना हुई। पुलिस को संदेह है कि गोली लगने के बाद घायल युवक को इलाज के लिए धनबाद लाया गया और बाद में घटना को तोपचांची क्षेत्र की वारदात के रूप में पेश किया गया।पुलिस अब दुग्दा थाना क्षेत्र में जाकर संभावित वास्तविक घटनास्थल का निरीक्षण करेगी और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास करेगी। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच चल रही है और जल्द ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ जाएगी।
फिलहाल यह मामला सड़क अपराध से ज्यादा कोयलांचल में चल रही वर्चस्व की जंग की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस की अगली जांच इस पूरे रहस्य से पर्दा उठा सकती है।