Advertisement

धनबाद (Threesocieties.com Desk): चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर धनबाद के प्रसिद्ध शक्ति मंदिर में महानवमी के दिन आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और मां भगवती के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: धनबाद शहर में चोरों का दुस्साहस: मोबाइल व दवा दुकान में लाखों की चोरी, CCTV काटकर सबूत मिटाए”

मां सिद्धिदात्री के दिव्य स्वरूप के दर्शन

महानवमी के शुभ अवसर पर मां दुर्गा ने भक्तों को अपने सिद्धिदात्री स्वरूप में दर्शन दिए। मंदिर को क्रीम और लाल रंग के वस्त्रों तथा रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। सुसज्जित दरबार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के पट लगातार खुले रखे गए, जिससे सभी श्रद्धालु सहजता से दर्शन कर सके।

हवन-पूजन और पूर्णाहुति के साथ नवरात्र का समापन

नौ दिवसीय चैत्र नवरात्र पर्व का समापन विधिवत हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में यजमान के रूप में अशोक अरोड़ा एवं उनकी धर्मपत्नी पूजा अरोड़ा उपस्थित रहे। पूजा का संचालन ब्रजेश मिश्रा, पंडित मुकेश पाण्डेय, राधेश्याम पाण्डेय, संतोष पाण्डेय एवं जमुना पाण्डेय ने मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

भव्य संध्या आरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

संध्या के समय आयोजित विशेष आरती कार्यक्रम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर के पीछे प्रांगण में “हाथों में ले के दीया करें मां की आरती” भजन के साथ श्रद्धालु भाव-विभोर होकर आराधना करते नजर आए। मंदिर कमिटी द्वारा दीयों की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी, साथ ही बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई, जिससे दूर खड़े श्रद्धालु भी आरती का सीधा दर्शन कर सके।

व्यवस्थाओं में जुटी रही मंदिर कमिटी

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर कमिटी के पदाधिकारी और सदस्य पूरे दिन सक्रिय रहे। सचिव अरुण भंडारी, उपाध्यक्ष राजीव सचदेवा एवं साकेत साहनी, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र अरोड़ा और सह कोषाध्यक्ष दिनेश पुरी सहित कई सदस्यों ने व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।

रामनवमी की शुभकामनाओं के साथ आभार

श्री श्री श्री भगवती जागरण कमिटी ने सभी श्रद्धालुओं, महिला-पुरुष सेवादारों, प्रशासन एवं मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी महापर्व रामनवमी के लिए सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।