धनबाद: 40 नई बोलेरो के साथ सड़कों पर उतरी पुलिस, ईद-रामनवमी को ले फ्लैग मार्च

धनबाद में ईद और रामनवमी से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए शहर में फ्लैग मार्च निकाला। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर 40 नए वाहनों के साथ पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त कर शांति और सौहार्द का संदेश दिया।

धनबाद: 40 नई बोलेरो के साथ सड़कों पर उतरी पुलिस, ईद-रामनवमी को ले फ्लैग मार्च
धनबाद में त्योहारों से पहले पुलिस का पावर शो।

Advertisement

धनबाद (Threesocieties.com Desk): आगामी ईद और रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने सोमवार को शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर पुलिस लाइन से इस फ्लैग मार्च की शुरुआत की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए।

यह भी पढ़ें: धनबाद पुलिस की ताकत बढ़ी: 40 नए बोलेरो और 45 अपाचे बाइक शामिल, DC-SSP ने दिखाई हरी झंडी

इस फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और साथ ही असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

40 नए वाहनों के साथ शहर में पुलिस की गश्त

फ्लैग मार्च की सबसे खास बात यह रही कि इसमें धनबाद पुलिस को हाल ही में मिले 40 नए बोलेरो वाहनों का इस्तेमाल किया गया। इन वाहनों पर सवार पुलिस अधिकारी और जवान शहर के विभिन्न इलाकों में घूमते हुए लोगों को सुरक्षा का संदेश देते नजर आए।पुलिस के इस कदम से न केवल शहर में सुरक्षा व्यवस्था का प्रदर्शन हुआ बल्कि आम नागरिकों में भी विश्वास बढ़ा कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।

शहर के प्रमुख इलाकों में किया गया फ्लैग मार्च

पुलिस लाइन से शुरू हुआ फ्लैग मार्च शहर के कई प्रमुख और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इसमें स्टील गेट, सरायढेला, गोल बिल्डिंग, मेमको मोड़, धईया, सिटी सेंटर, बेकार बांध, श्रमिक चौक, बैंक मोड़, केंदुआडीह, शिमला बहाल, कतरास मोड़, झरिया, धनसार और नया बाजार जैसे क्षेत्रों में पुलिस बल ने गश्त की। इन इलाकों में पुलिस की मौजूदगी ने आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा की, वहीं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

एसएसपी प्रभात कुमार ने इस दौरान जिले के नागरिकों से अपील की कि वे ईद और रामनवमी जैसे त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध कार्य या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दें, ताकि पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सके।

शरारती तत्वों को सख्त चेतावनी

एसएसपी ने साफ कहा कि त्योहारों के दौरान यदि कोई व्यक्ति या समूह माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।धनबाद पुलिस का यह फ्लैग मार्च आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का हिस्सा है, ताकि शहर में शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था पूरी तरह बरकरार रहे।