धनबाद: "मैनेज करो नहीं तो 24 घंटे में रिजल्ट मिलेगा..." निरसा MLA अरूप चटर्जी को दुबई से प्रिंस खान की धमकी

धनबाद के निरसा विधायक अरूप चटर्जी को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान ने व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी दी है। रंगदारी की मांग करते हुए 24 घंटे में "रिजल्ट" देने की चेतावनी और फायरिंग का वीडियो भेजा गया है। मामले से धनबाद की राजनीति और अपराध जगत में हलचल मच गई है।

धनबाद: "मैनेज करो नहीं तो 24 घंटे में रिजल्ट मिलेगा..." निरसा MLA अरूप चटर्जी को दुबई से प्रिंस खान की धमकी

     HighLights:

  • निरसा विधायक अरूप चटर्जी को गैंगस्टर प्रिंस खान ने जान से मारने की धमकी दी
  • व्हाट्सएप मैसेज, वॉयस नोट और फायरिंग का वीडियो भेजकर रंगदारी मांगी गई
  • "मैनेज करो, नहीं तो 24 घंटे में रिजल्ट मिलेगा" जैसी धमकी दी गई
  • विधायक ने धनबाद पुलिस को सूचना दी, लौटने पर प्राथमिकी दर्ज कराएंगे

धनबाद (Threesocieties.com Desk) : धनबाद में अपराध और राजनीति के बीच एक बार फिर सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। वासेपुर का कुख्यात और फरार गैंगस्टर प्रिंस खान अब सीधे जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाने लगा है। इस बार उसके निशाने पर भाकपा माले के निरसा विधायक अरूप चटर्जी हैं, जिन्हें व्हाट्सएप संदेश, वॉयस नोट और फायरिंग के वीडियो के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है।

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल: TMC के बागी गुट ने पार्टी मुख्यालय पर किया कब्जा, ताले बदले और पोस्टरों से गायब हुईं ममता

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे विधायक अरूप चटर्जी के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से कॉल और संदेश आया। कॉल रिसीव नहीं होने पर व्हाट्सएप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए। मोबाइल स्क्रीन पर नंबर दक्षिण अफ्रीका का दिखाई दिया, जबकि संदेश में प्रिंस खान ने खुद को दुबई में मौजूद बताया।

"हमको भी पैसा चाहिए, नहीं तो 24 घंटे में रिजल्ट देंगे"

व्हाट्सएप पर भेजे गए संदेश में लिखा गया था— "सुन ले अरूप चटर्जी, मैं दुबई से प्रिंस खान बोल रहा हूं। हमको भी पैसा चाहिए। नहीं तो दोबारा कॉल या मैसेज नहीं करेंगे। 24 घंटे में रिजल्ट देंगे। और सुन, कोयला का काम कैसा चल रहा है?" संदेश के अंत में यह भी लिखा गया कि "रिप्लाई देगा या गोली खाएगा?" जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

वॉयस मैसेज में कहा- "मारेंगे तो हम ही"

धमकी सिर्फ लिखित संदेश तक सीमित नहीं रही। विधायक को भेजे गए ऑडियो मैसेज में कहा गया— "प्रशासन को बोल दो, नंबर बंद कर दो या ब्लॉक कर दो। नंबर बंद या ब्लॉक करने से तुम मरोगे नहीं। मारेंगे तो हम ही। क्लियर बोल दो देना है या नहीं देना है। नहीं देना है तो भी बता दो, फिर रिजल्ट मिलेगा। कम-बेसी करके मैनेज करो और मामला खत्म करो।" इस ऑडियो में साफ तौर पर रंगदारी की मांग और हत्या की धमकी दी गई है। फायरिंग का वीडियो भी भेजा गया

प्रिंस खान ने विधायक के व्हाट्सएप पर करीब चार सेकेंड का एक वीडियो भी भेजा है। वीडियो में एक पिस्टल दिखाई दे रही है, जिससे फायरिंग की जाती नजर आ रही है। पुलिस इस वीडियो की तकनीकी जांच कराने की तैयारी में है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो कहां से और किसके द्वारा बनाया गया।

शहर से बाहर हैं विधायक, पुलिस को दी सूचना

विधायक अरूप चटर्जी ने बताया कि पहले उनके मोबाइल पर दो बार कॉल आया था, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद लगातार संदेश, ऑडियो और वीडियो भेजे गए। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह शहर से बाहर हैं, लेकिन धनबाद लौटने के बाद मामले में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। उन्होंने धनबाद पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी है।

फ्लाईओवर विवाद के बीच प्रिंस खान की एंट्री

ध्यान देने वाली बात यह है कि पिछले कुछ दिनों से निरसा में प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण को लेकर सांसद ढुल्लू महतो और विधायक अरूप चटर्जी के बीच तीखी बयानबाजी चल रही है। ऐसे समय में प्रिंस खान की ओर से विधायक को धमकी मिलने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

अरूप पहले भी लगा चुके हैं गंभीर आरोप

कुछ दिन पहले धनबाद परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विधायक अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया था कि सांसद ढुल्लू महतो और प्रिंस खान के बीच गहरी दोस्ती है। उन्होंने दावा किया था कि जो भी सांसद के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे प्रिंस खान की ओर से धमकी भरे फोन आने लगते हैं। उन्होंने इस दौरान जमशेदपुर के विधायक सरयू राय और व्यवसायी कृष्णा अग्रवाल का नाम लेते हुए भी इसी तरह की घटनाओं का जिक्र किया था। हालांकि इन मामलों में पुलिस जांच में पहले प्रिंस खान के किसी बड़े  राजनीतिक संबंधों की पुष्टि नहीं हो सकी है। 

दुबई या पाकिस्तान? प्रिंस खान की लोकेशन बनी पहेली

धनबाद, रांची और पश्चिम बंगाल पुलिस लंबे समय से प्रिंस खान और उसके नेटवर्क के खिलाफ अभियान चला रही है। उसके गिरोह के 50 से अधिक सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं। धनबाद पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान फर्जी दस्तावेजों के जरिए दुबई से निकलकर पाकिस्तान में शरण लिए हुए है। हालांकि विधायक को भेजे गए संदेश में उसने खुद को दुबई में मौजूद बताया है। ऐसे में उसकी वास्तविक लोकेशन अब भी जांच का विषय बनी हुई है।

पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

धनबाद के एसएसपी को चुनौती देने के बाद अब एक विधायक को खुलेआम धमकी देने की घटना ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। सवाल यह है कि आखिर विदेश में बैठा अपराधी लगातार धनबाद के कारोबारियों, नेताओं और जनप्रतिनिधियों को कैसे निशाना बना रहा है और उसका नेटवर्क अब भी कैसे सक्रिय है। आने वाले दिनों में इस मामले की जांच और पुलिस की कार्रवाई पर पूरे राज्य की नजर रहेगी।