Advertisement

गिरिडीह (Threesocieties.com Desk): झारखंड के गिरिडीह जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। हिरोडीह थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बाइक सवार अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में फायरिंग करते हुए ज्वेलरी दुकानदार से लाखों रुपये के जेवर लूट लिए और फरार हो गए।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: झारखंड-बंगाल बॉर्डर पर 2.5 लाख कैश के साथ पकड़े गये धनबाद जिले का थाना प्रभारी! 5 घंटे तक चली पूछताछ

कैसे हुई वारदात?

जानकारी के अनुसार, झालूडीह निवासी पुनीत सोनार और प्रकाश सोनकर अपनी दुकान “वंदना ज्वेलर्स” बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जब वे जमखोखरो स्थित आनंद पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने अचानक हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 5 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग के बीच लूट

गोलीबारी से दहशत का माहौल बनाकर अपराधियों ने ज्वेलरी से भरा बैग छीन लिया, जिसमें लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण थे। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई और अपराधी मौके से फरार हो गए।

इलाके में दहशत, लोगों में आक्रोश

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं, जिससे आम नागरिक और व्यवसायी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद समेत कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर संभावित रूटों पर छापेमारी जारी। स्थानीय लोगों से पूछताछ की गयी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 फायरिंग पर बना सस्पेंस

जहां प्रत्यक्षदर्शी फायरिंग की बात कह रहे हैं, वहीं पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर गिरिडीह की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से आम जनता में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

(Threesocieties.com पर पढ़ते रहें झारखंड की हर बड़ी खबर सबसे पहले)