वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस डिनर के दौरान फायरिंग से हड़कंप, ट्रंप को सुरक्षित निकाला गया; हमलावर गिरफ्तार

अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान अचानक फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप और जेडी वेंस को तुरंत सुरक्षित निकाला गया। हमलावर गिरफ्तार, जांच जारी।

वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस डिनर के दौरान फायरिंग से हड़कंप, ट्रंप को सुरक्षित निकाला गया; हमलावर गिरफ्तार
गेस्ट टेबल के नीचे छिपे; सभी सुरक्षित।

वॉशिंगटन (Threesocieties.com Desk): अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में शनिवार रात आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन के वार्षिक डिनर के दौरान अचानक गोलीबारी की आवाज सुनाई देने से अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और सैकड़ों पत्रकार मौजूद थे।

यह भी पढ़ें:धनबाद: विधायक राज सिन्हा का धरना खत्म, 2 मई को खुलेगी किस्मत? धनबाद-बोकारो रोड पर होगी बड़ी बैठक

जैसे ही फायरिंग की आवाज गूंजी, सीक्रेट सर्विस ने तत्काल सक्रिय होते हुए राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी को सुरक्षा घेरे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मौके पर मौजूद मेहमानों ने जान बचाने के लिए टेबलों के नीचे छिपकर खुद को सुरक्षित किया।

बॉलरूम के बाहर हुई फायरिंग

समाचार एजेंसियों के अनुसार, संदिग्ध हमलावर ने वॉशिंगटन हिल्टन होटल के मुख्य प्रवेश द्वार के पास स्थित मैग्नेटोमीटर (मेटल डिटेक्टर) क्षेत्र में पहुंचकर सुरक्षा जांच से गुजरने की कोशिश की। सीक्रेट सर्विस ने उसे बैंक्वेट हॉल में प्रवेश करने से पहले ही रोक लिया।बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक सीक्रेट सर्विस एजेंट पर फायरिंग की। एजेंट ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई। हमलावर के पास एक पावरफुल गन होने की बात कही जा रही है।

ट्रंप बोले—संविधान पर हमला

घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा— “यह सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि अमेरिका के संविधान पर हमला है। सीक्रेट सर्विस ने बहादुरी से मेरी जान बचाई।” ट्रंप ने सुरक्षा एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने बेहद तेजी और साहस के साथ काम किया। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स में हमलावर के मारे जाने की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में ट्रंप ने साफ किया कि आरोपी हिरासत में है।

चश्मदीद बोले—7 राउंड फायरिंग हुई

कार्यक्रम में मौजूद कई लोगों ने बताया कि अचानक 6 से 7 राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी। लोग घबरा गए और कुर्सियों व टेबलों के नीचे छिप गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया— “सीक्रेट सर्विस एजेंट अंदर दौड़ते हुए आए और जोर से बोले—नीचे झुको, रास्ते से हटो!”डेमोक्रेटिक सांसद जेमी रास्किन ने कहा— “मैंने शूटर को नहीं देखा, लेकिन एक सीक्रेट सर्विस एजेंट ने मुझे जमीन पर गिरा दिया। लोग चीख रहे थे और माहौल बेहद डरावना था।”

सभी बड़े नेता सुरक्षित

सीएनएन और अन्य अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप, मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी आम नागरिक के हताहत होने की भी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कार्यक्रम में पहली बार शामिल हुए थे ट्रंप

यह वार्षिक व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी पहली बड़ी उपस्थिति मानी जा रही थी। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के पत्रकार, राजनीतिक हस्तियां, सेलिब्रिटी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल हुए थे। सभी लोग ट्रंप के भाषण का इंतजार कर रहे थे, लेकिन गोलीबारी की घटना ने पूरे कार्यक्रम का माहौल बदल दिया।

जांच जारी

सीक्रेट सर्विस ने बयान जारी कर कहा है कि वे मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के साथ मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपी की पहचान और हमले के पीछे की मंशा को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।

अमेरिका में सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद अमेरिका की हाई-प्रोफाइल सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं। राष्ट्रपति की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में संदिग्ध के हथियार के साथ पहुंचने से सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता पर बहस तेज हो गई है। हालांकि, सीक्रेट सर्विस की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।