धनबाद में दिनदहाड़े गोलीबारी! भौंरा GM ऑफिस के बाहर यूनियन प्रदर्शन के बाद फायरिंग, इलाके में दहशत
धनबाद के भौंरा स्थित BCCL GM कार्यालय के बाहर यूनियन प्रदर्शन के बाद नकाबपोश अपराधियों ने की फायरिंग और हमला। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, जांच जारी।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भौंरा स्थित BCCL पूर्वी झरिया क्षेत्र के महाप्रबंधक (GM) कार्यालय के बाहर सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नकाबपोश अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें: झारखंड में ट्रेजरी घोटाले पर बड़ा एक्शन: 5 साल से जमे पुलिस लेखापाल हटेंगे, CID जांच से मचेगा हड़कंप

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने कार्यालय के मुख्य गेट के पास चार राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर मौके पर भगदड़ मचा दी। गनीमत रही कि इस हिंसक घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्रदर्शन के बाद बिगड़े हालात, गेट पर चली गोलियां
जानकारी के अनुसार यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के क्षेत्रीय सचिव गफ्फार अंसारी के नेतृत्व में विभिन्न मांगों को लेकर सैकड़ों की संख्या में लोग जुलूस निकालकर GM कार्यालय पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और बाद में वार्ता भी हुई, जिसे शुरुआती तौर पर सकारात्मक बताया गया। लेकिन जैसे ही प्रदर्शनकारी गेट के बाहर निकले, माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, और दूसरी ओर से पहुंचे नकाबपोश अपराधियों ने पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
नामजद आरोपियों पर गंभीर आरोप
भौंरा चार नंबर निवासी अरुण कुमार पासवान ने पुलिस को दिए बयान में कई लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ता के बाद बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए हमलावरों ने हमला कर दिया। आरोपियों में गोपाल यादव, विवेक पासवान, अनिकेत गुप्ता उर्फ छोटू, रोनिक यादव और शहनवाज अंसारी समेत अन्य शामिल बताए जा रहे हैं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान जातिसूचक गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई।
CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी
घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में पूरी वारदात कैद होने की बात सामने आई है। वहीं कुछ लोगों ने मोबाइल से भी घटना का वीडियो बना लिया है, जिसमें हमलावर साफ नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सुदामडीह और भौंरा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त बाइक और एक डीजे वाहन जब्त किया है।
दो संदिग्ध हिरासत में, छापेमारी जारी
जोड़ापोखर अंचल पुलिस निरीक्षक सुभाष सिंह, सुदामडीह थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह और भौंरा ओपी प्रभारी सुमन सौरभ पुलिस बल के साथ मौके पर डटे हुए हैं। सुदामडीह थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
क्या था पूरा मामला?
सूत्रों के अनुसार यूनियन नेता गफ्फार अंसारी अपने समर्थकों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर GM कार्यालय पहुंचे थे। बैठक खत्म होने के बाद जैसे ही वे बाहर निकले, पहले से घात लगाए अपराधियों ने हमला कर दिया। अचानक हुई फायरिंग और मारपीट से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।






