धनबाद सदर अस्पताल में हाईटेक MNCU शुरू: अब नवजात से बच्चों तक का इलाज यहीं, बाहर रेफर की जरूरत खत्म!

धनबाद सदर अस्पताल में आधुनिक MNCU और PICU का उद्घाटन, अब गरीब मरीजों को मिलेगा मुफ्त और बेहतर इलाज। अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी बनाने की तैयारी तेज।

धनबाद सदर अस्पताल में हाईटेक MNCU शुरू: अब नवजात से बच्चों तक का इलाज यहीं, बाहर रेफर की जरूरत खत्म!
धनबाद में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी सौगात>

धनबाद (Threesocieties.com Desk): जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए धनबाद के सदर अस्पताल में अत्याधुनिक मदर न्यूबॉर्न केयर यूनिट (MNCU) का उद्घाटन किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज और अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस यूनिट का उद्घाटन किया।

यह भी पढ़ें: कुसुम बिहार में परशुराम सिंह के आवास पर भक्ति की गूंज: माता रानी की भव्य चौकी में झांकियों और भजनों ने बांधा समां

गरीबों को मिलेगा भरोसेमंद इलाज, नहीं लगेगा अनावश्यक खर्च

उद्घाटन के मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को भी उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब गरीब मरीज बिना किसी दबाव के इलाज करा सकेंगे और उन्हें अनावश्यक खर्च नहीं उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, जिसका उद्देश्य आम जनता को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है।

जल्द बनेगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

उपायुक्त ने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में सदर अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे धनबाद और आसपास के जिलों के मरीजों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

 MNCU के साथ कई आधुनिक सुविधाएं शुरू

नए MNCU के साथ अस्पताल में कई अत्याधुनिक सुविधाएं भी शुरू की गई हैं, जिनमें शामिल हैं:

पेडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU)

वैक्सीनेशन सेंटर

नर्सिंग स्टेशन

आयुष्मान मित्र काउंटर

रजिस्ट्रेशन काउंटर

जलपान एवं भोजन कक्ष

किचन गार्डन

24×7 पावर बैकअप

इन सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर रूप से बीमार बच्चों और नवजात शिशुओं को एक ही स्थान पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।

अब नहीं करना पड़ेगा बाहर रेफर

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, PICU और MNCU के संचालन से अब गंभीर बच्चों और नवजातों को इलाज के लिए बाहर रेफर करने की जरूरत काफी हद तक खत्म हो जाएगी। इससे समय पर इलाज मिलने से मृत्यु दर में भी कमी आने की उम्मीद है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रहेगी तैनात

सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि MNCU में अनुभवी डॉक्टरों की टीम 24 घंटे अलग-अलग शिफ्ट में तैनात रहेगी। इसमें डॉ जितेंद्र कुमार, डॉ अजहरउल हक साही, डॉ विश्वजीत प्रसाद सिंह, डॉ नौशाद आलम, डॉ मनोज हेंब्रम, डॉ पल्लवी और डॉ कुमार गौतम शामिल हैं।

पारंपरिक तरीके से हुआ स्वागत, कई अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन से पहले अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाज और “लोटा-पानी” से स्वागत किया गया। इस मौके पर अस्पताल प्रशासन और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कई अधिकारी भी मौजूद रहे।