गिरिडीह में खौफनाक वारदात: 25 वर्षीय युवक की चाकू से हत्या, अस्पताल में हंगामा, गिरफ्तारी की मांग पर उबाल
गिरिडीह के खंडीहा गांव में 25 वर्षीय युवक दिलीप दास की चाकू मारकर हत्या के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। अस्पताल में हंगामा, सड़क जाम की चेतावनी और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग तेज। पुलिस जांच और छापेमारी जारी।
गिरिडीह (Threesocieties.com Desk): झारखंड के गिरिडीह जिले में मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खंडीहा गांव निवासी 25 वर्षीय दिलीप दास की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद जहां इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और सदर अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ।
यह भी पढ़ें:बोकारो वायरल वीडियो कांड: घायल को हाजत में ठूंसने पर गिरी गाज, चीराचास थानेदार समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
शौच के लिए निकला था युवक, घेरकर किया हमला
मृतक के भतीजे आशीष दास के अनुसार, दिलीप दास मंगलवार शाम घर से शौच के लिए निकला था। वह कबरीबाद स्थित खंडीहा क्रेशर की ओर गया था, तभी पहले से घात लगाए लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि सीसीएल गार्ड रामसागर समेत असगर, विकास, करण, अख्तर और बालदेव सहित अन्य लोगों ने मिलकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिलीप को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में मचा कोहराम, परिजनों का हंगामा
दिलीप की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। गुस्साए परिजन आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उग्र हो गए और शव को लेकर सड़क जाम करने की कोशिश करने लगे।हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में ही रखा गया।
पुलिस से भिड़े परिजन, सड़क जाम की चेतावनी
आक्रोशित परिजन शव को अस्पताल से बाहर ले जाने पर अड़ गए, लेकिन नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह और मुफस्सिल थाना पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस को विरोध का सामना भी करना पड़ा। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि बिना पोस्टमार्टम शव नहीं ले जाया जा सकता। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दी जाएगी।
इकलौता कमाऊ बेटा था दिलीप, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि मृतक दिलीप दास अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसका पिता दिव्यांग है, ऐसे में इस हत्या ने पूरे परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से तोड़कर रख दिया है।
पुलिस जांच तेज, आरोपितों की तलाश में छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस सनसनीखेज हत्या से इलाके में तनाव का माहौल है और लोग आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
(Threesocieties.com पर पढ़ते रहें झारखंड की हर बड़ी खबर)






