Advertisement
  • जैश समर्थक डॉक्टर सहारनपुर से गिरफ्तार, लॉकर से AK-47 बरामद

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवाद से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। अनंतनाग के राजकीय मेडिकल कॉलेज (GMC) के एक डॉक्टर के लॉकर से पुलिस ने AK-47 राइफल बरामद की है। इस डॉक्टर की पहचान आदिल अहमद राथर के रूप में हुई है, जिसे शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें:बहुत हुआ नेपोटिज्म ! Karan Johar अब लॉन्च करेंगे दो आउटसाइडर्स, 500 ऑडिशन के बाद मिली धर्मा की बड़ी एंट्री

आदिल अहमद पर आरोप है कि वह जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम कर रहा था और अस्पताल को आतंकियों व हथियारों को छुपाने का अड्डा बना रखा था। पुलिस ने बताया कि यह डॉक्टर घाटी में जैश का नेटवर्क फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहा था।

 GMC अनंतनाग के लॉकर में मिली AK-47, पुलिस भी रह गई दंग

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को GMC अनंतनाग में आदिल अहमद राथर के लॉकर की तलाशी ली। लॉकर खुलते ही पुलिस अधिकारी हैरान रह गए, क्योंकि उसमें से एक AK-47 राइफल और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए।सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार डॉक्टर ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसे जैश-ए-मोहम्मद ने राइफल दी थी, जिसे उसने अस्पताल में छिपाकर रखा था ताकि आवश्यकता पड़ने पर आतंकियों को सौंप सके।

जैश-ए-मोहम्मद का नेटवर्क फिर से खड़ा करने की साजिश

पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आदिल और उसके साथियों ने श्रीनगर के नौगाम और आसपास के इलाकों में जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर चिपकाए थे। वे घाटी में संगठन का नेटवर्क दोबारा खड़ा करने की कोशिश में लगे थे।सूत्रों का दावा है कि डॉक्टर अपने साथियों से कोड नामों के जरिए संपर्क करता था। पुलिस ने नौगाम से मिले CCTV फुटेज और अन्य इनपुट के आधार पर छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया, जिनसे पूछताछ के बाद आदिल का नाम सामने आया।

 सहारनपुर में छिपा था आतंकी डॉक्टर

एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की टीम ने आवश्यक सबूत जुटाने के बाद गुरुवार को सहारनपुर में छापा मारा और आदिल अहमद राथर को गिरफ्तार किया। वह वहां अंबाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी कर रहा था और लगभग एक माह पहले ही एक महिला डॉक्टर से शादी की थी। आदिल काजीगुंड का रहने वाला है और 24 अक्टूबर 2024 तक GMC अनंतनाग में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में कार्यरत था।

पुलवामा के डॉक्टर से भी पूछताछ

आदिल की निशानेदही पर पुलवामा के एक डॉक्टर को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि उससे भी पूछताछ चल रही है।अब तक इस मामले में आठ लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घाटी में छिपे जैश के बाकी सदस्यों का क्या रोल है।

आतंकियों के पारिस्थितिक तंत्र पर पुलिस का प्रहार

इस बीच, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुलाम कश्मीर और पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के नेटवर्क को कमजोर करने के लिए शनिवार को 111 घरों की तलाशी ली। साथ ही कश्मीर की विभिन्न जेलों में बंद आतंकियों और ओवरग्राउंड वर्करों की बैरकों की भी जांच की गयी। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आतंकियों के इकोसिस्टम को नष्ट करने के जारी अभियान का हिस्सा है।