झरिया मास्टर प्लान 2.0 को मिली रफ्तार: बेलगड़िया में 4-लेन रिंग रोड, सोलर सिस्टम और 2 फ्लैट योजना को मंजूरी

धनबाद में आयोजित JRDA प्रबंध पर्षद की बैठक में झरिया मास्टर प्लान 2.0 के तहत बेलगड़िया टाउनशिप के विकास, 4-लेन रिंग रोड, सोलर सिस्टम, जलापूर्ति, रोजगार, ई-रिक्शा और विस्थापितों को 2 फ्लैट देने जैसे कई बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

झरिया मास्टर प्लान 2.0 को मिली रफ्तार: बेलगड़िया में 4-लेन रिंग रोड, सोलर सिस्टम और 2 फ्लैट योजना को मंजूरी
झरिया पुनर्वास परियोजना में बड़ा बदलाव।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) की प्रबंध पर्षद की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को धनबाद समाहरणालय में उपायुक्त सह उप कार्यकारी अधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में झरिया मास्टर प्लान 2.0 के तहत विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, बेलगड़िया टाउनशिप के बुनियादी ढांचे के विकास, वित्तीय प्रबंधन, बिजली-पानी, स्वरोजगार और सामाजिक सुविधाओं से जुड़े कई बड़े फैसलों पर मुहर लगाई गई।

यह भी पढ़ें: धनबाद में कोयला सिंडिकेट की खूनी जंग! AJSU-राम रहीम समर्थकों में भिड़ंत, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला बांसजोड़ा

बैठक में लिए गए निर्णयों को झरिया पुनर्वास परियोजना के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य बेलगड़िया टाउनशिप को एक आधुनिक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर पुनर्वास नगर के रूप में विकसित करना है।

तीन वर्षों का बजट किया गया एकीकृत

JRDA बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2027-28 तक के राजस्व और पूंजीगत बजट को एकीकृत (Merge) करने की मंजूरी दे दी। अधिकारियों के अनुसार इससे परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन में तेजी आएगी और धन की कमी जैसी समस्याओं से बचा जा सकेगा।

बेलगड़िया की सड़कें होंगी और मजबूत

बेलगड़िया टाउनशिप की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए दो प्रमुख एप्रोच रोड के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इसमें पलानी मोड़ से फेज-V होते हुए रानी रोड तक तथा बरमसिया रेलवे ओवरब्रिज से कुसमाटांड़ मोड़ तक सड़क निर्माण शामिल है। यह कार्य पथ निर्माण विभाग (RCD) द्वारा कराया जाएगा।

18 हजार से अधिक घरों को मिलेगी बेहतर बिजली सुविधा

बेलगड़िया टाउनशिप के 18,352 विस्थापित आवासों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नए विद्युत सब-स्टेशन निर्माण को मंजूरी दी गई। साथ ही झरिया मास्टर प्लान 2.0 के तहत दामोदर घाटी से बेलगड़िया तक स्थायी जलापूर्ति पाइपलाइन योजना को भी स्वीकृति दी गई।

सोलर और LED स्ट्रीट लाइट से चमकेगी टाउनशिप

ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए फेज-1 से 3 तक 500 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मंजूरी दी गई, जिनमें से 395 पहले ही लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की भी स्वीकृति दी गई। वहीं झरिया विहार बेलगड़िया कॉलोनी फेज-1 में 1.8 मेगावाट रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन का फैसला लिया गया। इसके तहत 2352 आवासीय इकाइयों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की योजना है।

युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार योजनाएं

बैठक में टाटा स्टील फाउंडेशन (TSF) के साथ गैर-वित्तीय समझौते को मंजूरी दी गई। इसके तहत फुटबॉल और एथलेटिक्स जैसे ग्रासरूट स्पोर्ट्स, करियर काउंसलिंग सेंटर और डेकोरेटिव पेंटिंग कोर्स शुरू किए जाएंगे। युवाओं के लिए टेलीकॉम समेत नए ट्रेडों में आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू करने की तैयारी भी तेज कर दी गई है। इसके अलावा महिलाओं और स्थानीय विस्थापितों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बटन मशरूम खेती, कमर्शियल डेयरी फार्मिंग, पोल्ट्री फार्मिंग और मछली पालन से संबंधित योजनाओं को भी मंजूरी दी गई।

50 और ई-रिक्शा देने की तैयारी

आजीविका सृजन योजना के तहत पहले दिए गए 50 ई-रिक्शा के बाद अब 50 नए ई-रिक्शा आवंटन का प्रस्ताव BCCL को भेजा जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

बेलगड़िया में खुलेंगे जनऔषधि केंद्र और स्वास्थ्य सुविधाएं

टाउनशिप में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए पीएम जनऔषधि केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया। इसके लिए एक दुकान आरक्षित की जाएगी। इसके अलावा करमाटांड़ कॉलोनी में 5 आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को मंजूरी दी गई।

विस्थापित परिवारों को मिल सकते हैं दो फ्लैट

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह रहा कि जिन विस्थापित परिवारों को पहले केवल एक फ्लैट मिला था, उन्हें संशोधित झरिया मास्टर प्लान के तहत दो फ्लैट देने के लिए कोयला मंत्रालय (MOC) को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

झरिया कोलफील्ड के चारों ओर बनेगा 4-लेन रिंग रोड

JRDA बोर्ड ने झरिया कोयला क्षेत्र के चारों ओर चार-लेन रिंग रोड परियोजना पर भी चर्चा की। प्रशासन ने संबंधित अंचल अधिकारियों को ऐसा मार्ग चिन्हित करने का निर्देश दिया है जो आग और भू-धसान से प्रभावित क्षेत्रों से दूर हो तथा आसपास की आबादी को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करे।

गैस रिसाव और भू-धसान वाले नए इलाकों पर भी होगी कार्रवाई

बैठक में गोविंदपुर क्षेत्र के टंडाबारी बस्ती और बस्ताकोला के चौथाई कुलही में हाल में हुई गैस रिसाव और भू-धसान की घटनाओं पर चिंता जताई गई। इसके लिए कोयला मंत्रालय से विशेष कमेटी गठन का आग्रह किया जाएगा ताकि नए संवेदनशील क्षेत्रों को भी संशोधित झरिया मास्टर प्लान 2.0 में शामिल किया जा सके।

बेलगड़िया को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

बैठक में फ्री WiFi, फायर स्टेशन, एंबुलेंस, पोस्ट ऑफिस, एटीएम, प्रवेश द्वार, जल मीनार, अंतिम यात्रा वाहन और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी कई सुविधाओं को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, BCCL सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।