झारखंड पुलिस महकमे में ‘ट्रांसफर लिस्ट में बदलाव: छह डीएसपी का पोस्टिंग आदेश रद्द

झारखंड सरकार के गृह विभाग ने डीएसपी ट्रांसफर-पोस्टिंग में हुई टाइपिंग त्रुटियों को सुधारते हुए नई अधिसूचना जारी की है। 6 अधिकारियों की पोस्टिंग रद्द की गई है, जबकि कई नाम और पदस्थापन में संशोधन किया गया है। पूजा कुमारी, श्रद्धा केरकेट्टा और अमर कुमार पांडेय की पोस्टिंग भी यथावत रखी गई है।

झारखंड पुलिस महकमे में ‘ट्रांसफर लिस्ट में बदलाव: छह डीएसपी का पोस्टिंग आदेश रद्द
गृह विभाग ने जारी किया नया फरमान।
  • गृह विभाग ने सुधारी ट्रांसफर लिस्ट की ‘गलतियां’

रांची (Threesocieties.com Desk) : झारखंड पुलिस महकमे में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को अपनी ही जारी ट्रांसफर अधिसूचना में सुधार करना पड़ा है। विभाग ने नई अधिसूचना संख्या-2125 से 2134 जारी करते हुए पहले जारी आदेशों में हुई टाइपिंग और पदस्थापन संबंधी त्रुटियों को दुरुस्त किया है।

यह भी पढ़ें:बिहार में 5 IPS और 8 DSP का तबादला,संजय सिंह बने ADG सुरक्षा, वैभव शर्मा बने नवगछिया एसपी

दरअसल, बुधवार को राज्य सरकार ने 201 डीएसपी रैंक अधिकारियों के तबादले और पोस्टिंग का आदेश जारी किया था, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि वास्तविक रूप से केवल 192 अधिकारियों का ही मूवमेंट ऑर्डर जारी हुआ है। इसके बाद विभाग को संशोधित आदेश जारी करना पड़ा।

यह भी पढ़ें:झारखंड: दो IPS अधिकारियों को मिली SDPO की जिम्मेदारी, 192 DSP का मूवमेंट ऑर्डर जारी

गृह विभाग की इस नई अधिसूचना के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक अफसरों के बीच हलचल तेज हो गई है। कई अधिकारियों की पोस्टिंग रद्द की गई है, तो कई के नाम और पदस्थापन में सुधार किया गया है।

इन 6 डीएसपी अधिकारियों की पोस्टिंग फिलहाल रद्द

गृह विभाग ने पूर्व आदेश के स्तंभ-4 में हुई टाइपिंग त्रुटियों को गंभीर मानते हुए छह अधिकारियों के नाम के आगे अंकित नई पदस्थापना को विलोपित कर दिया है। इन अधिकारियों में शामिल हैं:

प्रभात कुमार बेक —क्रमांक-138- डीएसपी वायरलेस, रांची
अशोक कुमार राम — क्रमांक-112- डीएसपी विशेष शाखा, झारखंड
नीरज कुमार सिंह —क्रमांक-158-डीएसपी JAP-8, लेस्लीगंज
मनोज कुमार —क्रमांक-110/199-डीएसपी विशेष शाखा, TTS जमशेदपुर
प्रदीप कुमार-3 —क्रमांक-143- डीएसपी JAP-3, गोविंदपुर
सुशील कुमार-2 — क्रमांक-153 डीएसपी JAP-7, हजारीबाग

इन अधिकारियों की नई पोस्टिंग को फिलहाल निरस्त कर दिया गया है, जिससे विभागीय स्तर पर संशोधित प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

नाम और क्रमांक में हुई गलतियों को किया गया दुरुस्त

गृह विभाग ने कई अधिकारियों के नाम और क्रमांक में हुई टाइपिंग गलतियों को भी सुधार दिया है। प्रमुख सुधार इस प्रकार हैं:
‘आलोक कुमार सिंह’ क्रमांक-105 की जगह अब सही नाम अशोक कुमार सिंह दर्ज किया गया है।
क्रमांक-170 पर अंकित नाम को संशोधित कर कुमुद सिन्हा किया गया है।
क्रमांक-51 को सुशील कुमार-2 और क्रमांक-55 को प्रदीप कुमार-3 के नामों को भी सही रूप में संशोधित किया गया है।

दीपाली नायक और ज्ञान रंजन को नई जिम्मेदारी

नई अधिसूचना के तहत कुछ अधिकारियों को संशोधित पदस्थापन भी दिया गया है।

दीपाली नायक: श्रीमती दीपाली नायक को अब डीएसपी JAP-10, होटवार, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।

ज्ञान रंजन: ज्ञान रंजन की पोस्टिंग में बदलाव करते हुए उन्हें विशेष शाखा से हटाकर अब डीएसपी झारखंड जगुआर, रांची बनाया गया है।

पूजा कुमारी और श्रद्धा केरकेट्टा की पोस्टिंग में बड़ा बदलाव

गृह विभाग ने दो महिला डीएसपी अधिकारियों के तबादले आदेश को भी निरस्त कर दिया है।

पूजा कुमारी-2: लोहरदगा एसडीपीओ के पद पर भेजे जाने का आदेश रद्द कर दिया गया है। अब वे अगले आदेश तक डीएसपी CID, झारखंड के पद पर ही कार्यरत रहेंगी।

श्रद्धा केरकेट्टा: श्रद्धा केरकेट्टा का CID में ट्रांसफर आदेश भी निरस्त कर दिया गया है। वे अपने पूर्व पद एसडीपीओ लोहरदगा पर ही बनी रहेंगी।

अमर कुमार पाण्डेय का ट्रांसफर भी रद्द

रांची के डीएसपी मुख्यालय-1 अमर Kumar पाण्डेय का झारखंड जगुआर में किया गया स्थानांतरण भी रद्द कर दिया गया है। वे फिलहाल अपने वर्तमान पद पर ही बने रहेंगे।

पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी ट्रांसफर लिस्ट

झारखंड पुलिस सेवा में इतने बड़े स्तर पर जारी ट्रांसफर आदेश में हुई टाइपिंग त्रुटियों ने प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग के बीच समन्वय की कमी को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संशोधित अधिसूचना जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी है, लेकिन इस घटनाक्रम ने राज्य के प्रशासनिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।