झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव: 23 में 22 घोषित विजेता, महेश तिवारी का रिजल्ट होल्ड पर, आज होगा बड़ा फैसला

रांची में झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। 23 में से 22 उम्मीदवारों को विजेता घोषित कर दिया गया है, जबकि महेश तिवारी का परिणाम फिलहाल होल्ड पर है। उनके निर्वाचन पर शनिवार को अंतिम फैसला लिया जाएगा।

झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव: 23 में 22 घोषित विजेता, महेश तिवारी का रिजल्ट होल्ड पर, आज होगा बड़ा फैसला
बार काउंसिल में महिला प्रतिनिधित्व हुई मजबूत।
  •  677 वोट का कोटा पार कर 22 उम्मीदवार निर्वाचित घोषित
  • महेश तिवारी के निर्वाचन पर सजा के मामले में फैसला लंबित

रांची (Threesocieties.com Desk): झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना शुक्रवार की शाम पूरी हो गई। लंबे इंतजार के बाद 23 में से 22 उम्मीदवारों को निर्वाचित घोषित कर दिया गया है, जबकि एक उम्मीदवार महेश तिवारी के निर्वाचन पर फिलहाल निर्णय लंबित रखा गया है। उनके खिलाफ पूर्व में एक मामले में दो साल की सजा होने के कारण उनकी जीत पर अंतिम मुहर अभी नहीं लगी है। शनिवार को इस मामले में बड़ा फैसला लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: झारखंड: हजारीबाग के बरही में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े बैंक डकैती! 5 किलो सोना और 4 लाख कैश की लूट

मुख्य निर्वाची पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ ने बताया कि मतगणना सफलतापूर्वक समाप्त हो गई है और 22 उम्मीदवारों को विजयी घोषित किया गया है।अंतिम दिन हाई कोर्ट के अधिवक्ता मनोज कुमार नंबर-3, धनबाद के जितेंद्र कुमार, झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता अभय कुमार चतुर्वेदी और गिरिडीह के परमेश्वर मंडल ने जीत दर्ज की। इन चारों उम्मीदवारों ने जीत के लिए निर्धारित 677 वोटों के कोटे को पार किया।

23 में से 22 विजेता घोषित

बार काउंसिल चुनाव में कुल 23 सीटों पर मतदान हुआ था। इनमें से 22 सीटों पर उम्मीदवारों की जीत की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। हालांकि अधिवक्ता महेश तिवारी के मामले में कानूनी अड़चन सामने आने के कारण उनका परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है।

बताया जा रहा है कि महेश तिवारी को एक पुराने मामले में दो साल की सजा मिली थी। इसी आधार पर उनके निर्वाचन पर आपत्ति दर्ज की गई थी। निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था, जिसका जवाब उन्होंने दे दिया है। अब शनिवार को इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अगर महेश तिवारी आउट हुए तो धनबाद के प्रयाग महतो को लॉटरी लग सकता है। 

पहले ही जीत चुके थे ये उम्मीदवार

इससे पहले अब्दुल कलाम रसीदी, ललित यादव, अभिषेक कुमार भारती, प्रशांत कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव, पवन रंजन खत्री, जमशेदपुर के अनिल कुमार तिवारी, रांची सिविल कोर्ट के संजय कुमार विद्रोही, हजारीबाग के राजकुमार, हाई कोर्ट के अधिवक्ता निलेश कुमार, चाईबासा के अनिल Kumar महतो तथा जमशेदपुर के राजेश कुमार शुक्ला ने भी 677 वोटों का कोटा प्राप्त कर जीत सुनिश्चित की थी।

महिला अधिवक्ताओं का भी मजबूत प्रदर्शन

इस चुनाव में पांच महिला अधिवक्ताओं ने पहले ही जीत दर्ज कर ली थी। इसके अलावा दो महिला अधिवक्ताओं का चयन मनोनयन के आधार पर किया जाना है। इससे बार काउंसिल में महिला प्रतिनिधित्व और मजबूत होने की संभावना है।

आज सबकी नजर महेश तिवारी के फैसले पर

अब पूरे राज्य के अधिवक्ताओं की नजर शनिवार को होने वाले फैसले पर टिकी है। यदि महेश तिवारी का निर्वाचन वैध माना जाता है, तो 23 सीटों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। अन्यथा नया कानूनी मोड़ भी सामने आ सकता है। झारखंड की न्यायिक और अधिवक्ता राजनीति में इस चुनाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे राज्य की विधिक व्यवस्था और बार काउंसिल की भविष्य की दिशा तय होगी।