झारखंड: कोडरमा में चंदवारा थाना के SI पवन कुमार राम को ACB ने 15 हजार लेते दबोचा

झारखंड के कोडरमा में ACB की बड़ी कार्रवाई। चंदवारा थाना के सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। एक केस में राहत देने के बदले एक लाख रुपये की मांग की गई थी।

झारखंड: कोडरमा में चंदवारा थाना के SI पवन कुमार राम को ACB ने 15 हजार लेते दबोचा
रिश्वतखोर दरोगा पवन कुमार राम।

कोडरमा (Threesocieties.com Desk): झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को एक बड़ी सफलता मिली है। हजारीबाग प्रमंडलीय एसीबी की टीम ने गुरुवार को कोडरमा जिले के चंदवारा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें:बिहार : BMSICL के डीजीएम पंकज कुमार के ठिकानों पर SVU की रेड, 96 लाख की अवैध संपत्ति का केस दर्ज

बताया जा रहा है कि आरोपी दरोगा एक मामले में राहत देने के नाम पर शिकायतकर्ता से मोटी रिश्वत की मांग कर रहा था। एसीबी ने शिकायत की जांच के बाद जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया।

एक लाख रुपये रिश्वत की थी मांग

जानकारी के अनुसार चंदवारा निवासी प्रेम चंद्र नायक ने हजारीबाग एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि चंदवारा थाना के सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम एक मामले को रफा-दफा करने या उसमें राहत देने के बदले एक लाख रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे।शिकायतकर्ता के अनुसार काफी बातचीत और मिन्नतों के बाद सौदा तय हुआ, जिसमें पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये देने पर सहमति बनी थी।हालांकि शिकायतकर्ता भ्रष्टाचार के आगे झुकना नहीं चाहते थे, इसलिए उन्होंने पूरी जानकारी एसीबी को दे दी।

ACB ने बिछाया जाल, थाने में ही पकड़ा

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।गुरुवार को तय योजना के अनुसार जब शिकायतकर्ता प्रेम चंद्र नायक ने चंदवारा थाना परिसर में दरोगा पवन कुमार राम को रिश्वत की 15 हजार रुपये की रकम सौंपी, उसी समय पहले से घात लगाए एसीबी अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली।

पूछताछ के लिए हजारीबाग ले गई टीम

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी सब-इंस्पेक्टर को अपने साथ हजारीबाग ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

झारखंड में भ्रष्टाचार पर लगातार कार्रवाई

झारखंड में हाल के महीनों में एसीबी की टीम लगातार भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई कर रही है। कई सरकारी अधिकारी और कर्मचारी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किए जा चुके हैं।कोडरमा की यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है, जिससे सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का संदेश दिया जा रहा है।