मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचीं कल्पना सोरेन और पूर्णिमा साहू, झारखंड की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा
झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति के महाराष्ट्र दौरे के दौरान गांडेय विधायक कल्पना सोरेन और पूर्वी सिंहभूम की विधायक पूर्णिमा साहू ने मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। कल्पना सोरेन ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रांची/मुंबई(Threesocieties.com Desk): झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति इन दिनों महाराष्ट्र दौरे पर है। इस दौरान सोमवार को गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, पूर्वी सिंहभूम की विधायक पूर्णिमा साहू और समिति की अन्य सदस्य मुंबई स्थित प्रसिद्ध सिद्धिविनायक गणपति मंदिर पहुंचीं। यहां सभी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर झारखंड राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।
यह भी पढ़ें:झारखंड में 316 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र, हेमंत सोरेन बोले- ‘जिम्मेदारी निभाइए, तभी बदलेगा राज्य’
आज झारखण्ड विधानसभा की महिला बाल विकास समिति के महाराष्ट्र प्रवास के दौरान श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में समिति के सदस्यों के साथ दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
— Kalpana Murmu Soren (@JMMKalpanaSoren) May 18, 2026
भगवान गणपति से झारखण्ड एवं समस्त झारखंडवासियों के सुख, समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय भविष्य की… pic.twitter.com/Fg9Aiz7PmL
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने मंदिर परिसर से जुड़ी कई तस्वीरें अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं। तस्वीरों में समिति की सदस्याएं गणपति बप्पा के दरबार में पूजा करती नजर आ रही हैं। कल्पना सोरेन ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि महाराष्ट्र प्रवास के दौरान महिला एवं बाल विकास समिति के सदस्यों के साथ श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने भगवान गणपति से झारखंड एवं सभी झारखंडवासियों के सुख, समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने आगे कहा कि इस दौरे के दौरान समिति को विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। साथ ही महिला संगठनों और स्वयं सहायता समूहों से संवाद स्थापित कर उनके कार्यों और अनुभवों को समझने का भी मौका मिलेगा।
बताया जा रहा है कि महिला एवं बाल विकास समिति का यह दौरा केवल औपचारिक नहीं बल्कि अध्ययन और अनुभव साझा करने के उद्देश्य से भी आयोजित किया गया है। समिति समय-समय पर दूसरे राज्यों का दौरा कर वहां महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं, मॉडल और कार्यप्रणाली का अध्ययन करती है, ताकि झारखंड में भी बेहतर तरीके से योजनाओं को लागू किया जा सके।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति राज्य में महिलाओं और बच्चों से संबंधित योजनाओं की निगरानी, समीक्षा और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने वाली महत्वपूर्ण समिति मानी जाती है। इस समिति की प्रमुख भूमिका महिलाओं के सशक्तिकरण, पोषण, शिक्षा, सुरक्षा और स्वरोजगार से जुड़े मुद्दों पर काम करना है।
महाराष्ट्र दौरे के दौरान समिति द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के कार्यों का अध्ययन किए जाने की संभावना है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के अध्ययन दौरे से राज्य की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है।






