पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला! फायरिंग, गार्ड की पिटाई और ‘बम से उड़ाने’ की धमकी से मचा हड़कंप
पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग और मारपीट की घटना से सनसनी फैल गई। सुरक्षा गार्ड घायल हुआ है। खान सर ने कोचिंग माफिया और सस्ती फीस को लेकर विरोधियों पर हमला कराने का आरोप लगाया है।
- पटना के मुसल्लहपुर इलाके में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग और मारपीट
- खान सर ने पास के कोचिंग संचालक और ‘कोचिंग माफिया’ पर लगाए गंभीर आरोप
- हमलावरों पर ऑफिस में तोड़फोड़ और धमकी देने का आरोप
पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई गोलीबारी और मारपीट की घटना ने शिक्षा जगत और छात्रों के बीच सनसनी फैला दी है। घटना पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके की बताई जा रही है, जहां देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर खान सर के कोचिंग सेंटर को निशाना बनाया।
यह भी पढ़ें: बरमेश्वर मुखिया की पुण्यतिथि में आरा पहुंचे धनबाद मेयर संजीव सिंह, कोयलांचल की राजनीति में नई चर्चाएं शुरु

घटना में कोचिंग सेंटर के एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
गार्ड की पिटाई, ऑफिस में तोड़फोड़ और फायरिंग का आरोप
खान सर ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग की, सुरक्षा गार्ड की बेरहमी से पिटाई की और ऑफिस में तोड़फोड़ भी की। उनका दावा है कि हमलावरों ने कोचिंग सेंटर को दो दिनों के भीतर बम से उड़ाने तक की धमकी दी।
खान सर ने मीडिया से बातचीत में कहा— “मुख्य मुद्दा यह लगता है कि हम इतनी कम फीस पर क्यों पढ़ा रहे हैं? हमें इतने अच्छे रिजल्ट क्यों मिल रहे हैं? गरीब बच्चों को कम फीस में पढ़ाना कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहा।”
‘कोचिंग माफिया’ पर लगाए गंभीर आरोप
खान सर ने आरोप लगाया कि पास में संचालित एक अन्य कोचिंग संस्थान के लोग इस हमले में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लंबे समय से सस्ती फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिए जाने से नाराज हैं। उनका कहना है कि हजारों छात्रों के अच्छे रिजल्ट आने से कुछ लोगों को आर्थिक नुकसान महसूस हो रहा है और इसी वजह से डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।
प्रशासन से मांगी सुरक्षा
घटना के बाद खान सर ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं और सुरक्षा गार्ड ने कुछ हमलावरों की पहचान भी की है। उन्होंने कहा— “गरीबों को शिक्षा देना अगर अपराध बन गया है, तो यह बहुत चिंताजनक है। हमें सुरक्षा चाहिए।”
मौके पर पहुंचे SSP, क्या बोली पुलिस?
घटना की सूचना मिलते ही पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मारपीट का मामला प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा— “गार्ड घायल हुआ है। उसका बयान लिया जा रहा है। स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
कौन हैं खान सर?
खान सर देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले लोकप्रिय शिक्षकों में गिने जाते हैं। वे अपने आसान और मनोरंजक पढ़ाने के अंदाज के कारण सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी लोकप्रिय हैं। उनका ‘खान जीएस रिसर्च सेंटर’ पटना में प्रतियोगी छात्रों के बीच बेहद चर्चित है। खान सर का दावा है कि वे महंगी कोचिंग को गरीब छात्रों तक कम फीस में पहुंचाने का प्रयास करते हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम पर सबकी नजर बनी हुई है।






