कोल्हापुर में ‘अमरावती कांड’ जैसी कांड! 10 युवतियों का यौन शोषण, अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल करता था शाहिद

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 22 वर्षीय शाहिद समीर सनादी पर 10 युवतियों के यौन शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है। मामला अमरावती सेक्स ब्लैकमेल कांड जैसी गंभीर घटना से जुड़ा माना जा रहा है।

कोल्हापुर में ‘अमरावती कांड’ जैसी कांड! 10 युवतियों का यौन शोषण, अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल करता था शाहिद
आरोपी शाहिद समीर सनादी (फाइल फोटो)।
  • फार्मेसी छात्र शाहिद समीर सनादी गिरफ्तार
  • सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवतियों को फंसाने का आरोप
  • पुलिस ने अन्य पीड़िताओं से सामने आने की अपील की

मुंबई (Threesocieties.com Desk): महाराष्ट्र के कोल्हापुर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है। अमरावती में सामने आए बड़े यौन शोषण और ब्लैकमेल कांड के बाद अब कोल्हापुर में भी उसी तरह की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। यहां 22 वर्षीय फार्मेसी छात्र शाहिद समीर सनादी पर कई युवतियों का यौन शोषण करने, उनके अश्लील वीडियो बनाने और फिर उन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है।

यह भी पढ़ें: रांची की बेटी IPS अफसर स्वाति लकड़ा ने रचा इतिहास: देश की पहली ST महिला DG बनीं, तेलंगाना SPF की संभाली कमान

पुलिस ने आरोपी शाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने करीब 10 युवतियों को अपने जाल में फंसाया। पुलिस को आशंका है कि पीड़िताओं की संख्या इससे भी अधिक हो सकती है।

सोशल मीडिया से दोस्ती, फिर ब्लैकमेल का जाल

आरोपी शाहिद समीर सनादी कोल्हापुर की हातकणंगले तालुका का निवासी है और फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस के अनुसार, वह सोशल मीडिया के जरिए युवतियों से संपर्क करता था। पहले दोस्ती करता, भरोसा जीतता और फिर उन्हें मिलने के लिए कोल्हापुर तथा शिरोली के लॉज में बुलाता था। वहीं, उनके साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो बना लेता था। बाद में इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पीड़िताओं को ब्लैकमेल करता था। आरोप है कि उसने कुछ वीडियो अपने दोस्तों के साथ भी साझा किए।

20 वर्षीय युवती की शिकायत से खुला मामला

27 अप्रैल को एक 20 वर्षीय युवती ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। युवती ने आरोप लगाया कि शाहिद ने पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती की, फिर उसे बहला-फुसलाकर लॉज में बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने घटना का अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड किया और बाद में उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार मानसिक प्रताड़ना दी। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने शाहिद को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

दोस्त ने खोला पूरा राज

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शाहिद ने अपने एक करीबी दोस्त को इन घटनाओं के बारे में बताया था। इसी दोस्त ने बाद में मामले का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। जांच एजेंसियां अब आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही हैं, ताकि पीड़िताओं की सही संख्या और अपराध की पूरी श्रृंखला सामने आ सके।

अन्य पीड़िताओं से सामने आने की अपील

पुलिस ने इस मामले में अन्य संभावित पीड़िताओं से आगे आने और शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कई लड़कियां सामाजिक बदनामी के डर से सामने नहीं आतीं, जिससे आरोपी लंबे समय तक बच निकलते हैं।

शिव प्रतिष्ठान हिंदुस्तान और बजरंग दल जैसे संगठनों ने भी मामले में पुलिस को ज्ञापन सौंपकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

अमरावती कांड से मिलती-जुलती घटना

इससे पहले महाराष्ट्र के अमरावती में मोहम्मद अयाज उर्फ तनवीर पर 180 नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने और 350 से अधिक अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप लगा था। उस मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया था।

अब कोल्हापुर का यह मामला उसी तरह की भयावहता की ओर इशारा कर रहा है, जहां सोशल मीडिया, ब्लैकमेल और यौन शोषण का खतरनाक गठजोड़ सामने आया है।

महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने महिलाओं की सुरक्षा और साइबर अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए कड़ी निगरानी, तेज पुलिस कार्रवाई और जागरूकता अभियान बेहद जरूरी हैं।

कोल्हापुर पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सभी पीड़िताओं को न्याय दिलाने की हर संभव कोशिश की जाएगी।