MP ढुलू महतो ने अफवाहों पर लगाया फुल स्टॉप:“बोकारो भी उड़ेगा, धनबाद भी जुड़ेगा” दोनों शहरों को मिलेगा हक

बोकारो सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान धनबाद सांसद ढुलू महतो ने बोकारो एयरपोर्ट को धनबाद शिफ्ट किए जाने की अफवाहों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि ₹98 करोड़ की लागत से एयरपोर्ट तैयार है, राज्य सरकार की निष्क्रियता से संचालन अटका है। धनबाद एयरपोर्ट के लिए भी प्रयास जारी हैं।

MP ढुलू महतो ने अफवाहों पर लगाया फुल स्टॉप:“बोकारो भी उड़ेगा, धनबाद भी जुड़ेगा” दोनों शहरों को मिलेगा हक
अफवाह नहीं, विकास की बात करें।
  • बोकारो व धनबाद दोनों शहरों को मिलेगा हवाई सफर का लाभ

बोकारो (Threesocieties.com Desk): बोकारो सर्किट हाउस में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में धनबाद के लोकप्रिय सांसद ढुलू महतो ने बोकारो एयरपोर्ट को लेकर फैल रही तमाम अफवाहों और भ्रांतियों पर स्पष्ट रूप से विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं और यह प्रचार किया जा रहा है कि बोकारो एयरपोर्ट को धनबाद ले जाया जा रहा है, जबकि यह पूरी तरह से निराधार, गलत और भ्रामक है।

यह भी पढ़ें: धनबाद: केंदुआ भूधंसान पर ‘सियासत’ गरम, 2 मई की हाईलेवल बैठक टली; धरना के बाद भी समाधान अधर में

बोकारो एयरपोर्ट को धनबाद ले जाने जैसी कोई योजना नहीं

सांसद ढुलू महतो ने साफ शब्दों में कहा कि बोकारो एयरपोर्ट को धनबाद ले जाने जैसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की  उड़ान (UDAN-Ude Desh Ka Aam Nagrik) योजना के तहत लगभग ₹98 करोड़ की लागत से बोकारो में SAIL के हवाईअड्डा को विकसित किया गया है।  UDAN के तहत विकसित बोकारो हवाईअड्डा को व्यर्थ नहीं होने दिया जाएगा। बोकारो हवाई अड्डा से हर हाल में हवाई जहाज उड़ान भरेगा। राज्य सरकार की निष्क्रियता, प्रशासनिक उदासीनता और आवश्यक समन्वय की कमी के कारण अब तक एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू नहीं हो सकी है।

उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी बड़ी परियोजना तैयार होने के बावजूद आम जनता को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। बोकारो, धनबाद और आसपास के जिलों के लाखों लोगों को हवाई सेवा की सुविधा मिलने से व्यापार, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आ सकता है।

सांसद ने कहा कि बोकारो के साथ ही धनबाद में भी एयरपोर्ट बने, यह धनबाद के जनता की बहुत पुरानी मांग रही है। इस मांग को भी पिछले दिनों आंदोलन के जरिए जोरदार तरीका से उठाया गया। इसका प्रभाव बोकारो हवाई अड्डा के निर्माण में नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा-धनबाद लोकसभा की जनता महत्वपूर्ण है। उसमें धनबाद जिला या बोकारो जिला की जनता का कोई विभाजन नहीं है। दोनों सामान्य रूप से महत्वपूर्ण हैं।

ढुलू महतो ने कहा कि जो विपक्षी दल के नेता इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, उन्हें खुली चुनौती देता हूं कि एक सर्वदलीय बैठक बुलाकर उपयुक्त बोकारो के पास चलें। समस्या के समुचित निदान के लिए अगर आवश्यकता पड़ेगी तो आंदोलन करने के लिए भी तैयार हूं। लेकिन विपक्षी दल के नेताओं को भी इसके लिए तैयार रहना होगा। केवल बोकारो की जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास नहीं किया जाए।

सांसद ने कहा कि बड़े हवाई जहाज को उड़ाने के लिए लंबे रनवे की आवश्यकता होगी जिसके लिए दुंदीबाद बाजार को हटाना पड़ेगा, इस मुद्दे पर जो लोग मुझ पर आरोप लगाते हैं, वह अपना मत स्पष्ट करें कि आखिरकार वह चाहते क्या हैं? कुछ राजनीतिक स्वार्थ के कारण जानबूझकर जनता के बीच गलतफहमियां फैलाई जा रही हैं, जबकि सच्चाई यह है कि बोकारो एयरपोर्ट केंद्र सरकार द्वारा लगभग 98 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा चुका है। राज्य सरकार की निष्क्रियता के कारण यह अब तक चालू नहीं हो पाया है, लेकिन इसे जल्द शुरू कराने के लिए मेरा प्रयास लगातार जारी है।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

सांसद ने बिना नाम लिए उन लोगों पर भी निशाना साधा जो एयरपोर्ट के मुद्दे पर राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक है और विकास के मुद्दे पर राजनीति करने वालों को पहचानती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार झारखंड के विकास के लिए काम कर रही है, लेकिन राज्य सरकार की सुस्ती कई योजनाओं को प्रभावित कर रही है। बोकारो एयरपोर्ट इसका बड़ा उदाहरण है।

“जनता भ्रम में न रहे, दोनों शहरों का विकास होगा”

सांसद ने जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या राजनीतिक भ्रम में न आएं। उन्होंने कहा कि बोकारो एयरपोर्ट जल्द शुरू होगा और धनबाद में भी एयरपोर्ट निर्माण के प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा, "बोकारो और धनबाद दोनों झारखंड के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र हैं। हमारा प्रयास है कि दोनों क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क मिले, ताकि विकास की रफ्तार तेज हो। किसी एक शहर के विकास का मतलब दूसरे का नुकसान नहीं होता।"

“धनबाद एयरपोर्ट की मांग भी पुरानी, संघर्ष जारी”

ढुलू महतो ने यह भी स्पष्ट किया कि धनबाद एयरपोर्ट की मांग कोई नई बात नहीं है, बल्कि यह कई दशकों पुरानी जनभावना से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि धनबाद जैसे औद्योगिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिले में एयरपोर्ट की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे लगातार संघर्ष कर रहे हैं और इसे कई बार नागरिक उड्डयन मंत्री, गृह मंत्री और यहां तक कि माननीय प्रधानमंत्री के समक्ष भी उठा चुके हैं। उनका उद्देश्य है कि धनबाद को भी अपनी स्वतंत्र हवाई सुविधा मिले, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।

प्रेस कांफ्रेस में भाजपा के जिलाध्यक्ष डा. सुरेंद्र राज, वीरभद्र प्रसाद सिंह, दिलीप श्रीवास्तव, श्याम गुप्ता, अशोक कुमार पप्पू , एंजेला सिंह, अमर स्वर्णकार, नीरज कुमार, डीके मिश्रा, रामकिंकर पांडेय, विकास महता, संजय रजक, त्रिपुरारी नाथ तिवारी, सुधीर राय आदि उपस्थित थे।

क्षेत्रीय विकास से जुड़ा बड़ा मुद्दा

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बोकारो एयरपोर्ट जल्द शुरू होता है और धनबाद में भी एयरपोर्ट परियोजना आगे बढ़ती है, तो पूरे कोलफील्ड और औद्योगिक बेल्ट को सीधा लाभ मिलेगा। इससे निवेश, रोजगार और पर्यटन के नए अवसर खुल सकते हैं। फिलहाल जनता की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बोकारो एयरपोर्ट से पहली उड़ान कब शुरू होगी और धनबाद एयरपोर्ट की दिशा में अगला बड़ा कदम क्या होगा। सांसद ढुलू महतो के इस बयान ने फिलहाल कई सवालों पर विराम जरूर लगा दिया है।