बिहार पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 22 DSP-SDPO का तबादला, STF-ATS में भी नई तैनाती
बिहार सरकार के गृह विभाग ने बिहार पुलिस सेवा के 22 DSP और SDPO का तबादला किया है। दानापुर, पटना सिटी, मसौढ़ी, बिहारशरीफ सहित कई अनुमंडलों में नए SDPO की तैनाती की गई है। STF, ATS, साइबर क्राइम और CID में भी अधिकारियों की नई पोस्टिंग की गई।
पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार सरकार के गृह विभाग ने राज्य पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए बिहार पुलिस सेवा के 22 पुलिस उपाधीक्षक (DSP) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) का तबादला कर दिया है। जारी अधिसूचना के अनुसार दानापुर, पटना सिटी, मसौढ़ी, बिहारशरीफ, डेहरी, हिलसा, छपरा सदर समेत कई अनुमंडलों में नए SDPO की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा विशेष कार्य बल (STF), आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, अपराध अनुसंधान विभाग (CID) और ट्रैफिक विंग में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
यह भी पढ़ें: दुमका में ब्राउन शुगर पर पुलिस का बड़ा एक्शन! पगवारा पहाड़ से 3 तस्कर गिरफ्तार, कुख्यात आरोपी के पास मिला नशा

गृह विभाग के इस फैसले को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कई जिलों में लंबे समय से अधिकारियों के बदलाव की प्रतीक्षा की जा रही थी, जिसे अब अमल में लाया गया है।
इन अनुमंडलों को मिले नए SDPO
तबादला आदेश के तहत अजीत कुमार को दानापुर SDPO-1 बनाया गया है। शिव शंकर कुमार को पटना सिटी, राघव दयाल को मसौढ़ी, अमरनाथ को बिहारशरीफ, सत्यकाम को डेहरी और सुनील कुमार सिंह को हिलसा का SDPO नियुक्त किया गया है। इसके अलावा रमेश कुमार को रामनगर (बगहा), कन्हैया कुमार को पीरो (भोजपुर), नीतीश चंद्र धारिया को खगड़िया सदर, चंदन कुमार ठाकुर को गोगरी (खगड़िया), स्नेह सेतु को कहलगांव (भागलपुर) तथा प्रकाश को छपरा सदर का SDPO बनाया गया है।

STF और ATS में भी नई जिम्मेदारी
गृह विभाग ने कई अधिकारियों को विशेष इकाइयों में भी तैनात किया है। प्रशांत कुमार, राजन कुमार और मिथिलेश कुमार तिवारी को विशेष कार्य बल (STF) में पदस्थापित किया गया है। वहीं रागिनी कुमारी को रामनगर SDPO पद से स्थानांतरित कर आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) में DSP बनाया गया है। राघवेंद्र मणि त्रिपाठी और खालिद हयात को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, पटना में नई जिम्मेदारी दी गई है।

साइबर क्राइम और CID में भी बदलाव
अधिसूचना के अनुसार आशीष राज को मधेपुरा में DSP (साइबर क्राइम) और कनिष्क श्रीवास्तव को पूर्णिया में DSP (साइबर क्राइम) बनाया गया है। इसके अलावा अविनाश कुमार कश्यप को औरंगाबाद का DSP (यातायात) तथा राज कुमार-2 को अपराध अनुसंधान विभाग (CID), पटना में पदस्थापित किया गया है। गृह विभाग ने एक जुलाई को जारी महाराजगंज (सिवान) के SDPO अमन के स्थानांतरण आदेश को रद्द कर दिया है। अब वे अपने वर्तमान पद पर ही कार्यरत रहेंगे।




