BCCL में बड़ा प्रशासनिक सर्जिकल स्ट्राइक! सभी 12 एरिया के सेल्स मैनेजर एक साथ बदले
धनबाद स्थित BCCL ने अपने सभी 12 एरिया के सेल्स अधिकारियों का एक साथ तबादला कर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। 12 वरिष्ठ और उप प्रबंधक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सभी को 9 जुलाई 2026 तक कार्यमुक्त होने का आदेश जारी किया गया है।
HighLights:
- BCCL ने सभी 12 एरिया के सेल्स अधिकारियों का तबादला किया
- वरिष्ठ प्रबंधक से लेकर उप प्रबंधक स्तर तक के 12 अधिकारी प्रभावित
- सभी अधिकारियों को 9 जुलाई 2026 तक कार्यमुक्त करने का आदेश
- तय समय तक कार्यमुक्त नहीं होने पर 10 जुलाई से स्वतः मुक्त माने जाएंगे
- कतरास और पीबी क्षेत्र में अस्थायी व्यवस्था के लिए जीएम को विशेष अधिकार दिए गए
धनबाद (Threesocieties.com Desk): भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) ने अपने बिक्री विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कंपनी के सभी 12 एरिया के सेल्स अधिकारियों का एक साथ तबादला कर दिया है। गुरुवार को जारी आदेश के बाद एरिया कार्यालयों से लेकर कंपनी मुख्यालय तक हलचल तेज हो गई है। कोयला बिक्री व्यवस्था से जुड़े इस बड़े फैसले को कंपनी की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: कोयला चोरी और अवैध खनन पर सख्ती की तैयारी, BCCL CMD मनोज अघ्रवाल ने गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की मुलाकात

कंपनी मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ प्रबंधक से लेकर उप प्रबंधक स्तर तक के कुल 12 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को 9 जुलाई 2026 की दोपहर तक अपनी वर्तमान तैनाती स्थल से कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी अधिकारी को निर्धारित समय सीमा तक कार्यमुक्त नहीं किया जाता है तो वह 10 जुलाई 2026 की सुबह से स्वतः कार्यमुक्त माना जाएगा। यह व्यवस्था सीएमडी द्वारा वर्ष 2016 में जारी आदेश के तहत लागू की जाएगी।
इस व्यापक तबादले के बाद कंपनी के कतरास और पीबी क्षेत्र में क्षेत्रीय बिक्री प्रबंधक का पद खाली हो गया है। इन क्षेत्रों में कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित महाप्रबंधकों को दूसरे विभागों से अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर अस्थायी व्यवस्था बनाए रखने की अनुमति दी गई है। यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी जब तक बिक्री विभाग में नई नियुक्तियां नहीं हो जातीं।
कोयला उत्पादन और बिक्री के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जाने वाले BCCL में एक साथ सभी एरिया सेल्स अधिकारियों के स्थानांतरण को कंपनी के हाल के वर्षों का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है। इससे आने वाले दिनों में कोयला बिक्री और डिस्पैच व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
स्थानांतरित सेल्स अधिकारियों की सूची
रतीश कुमार टी — सिजुआ क्षेत्र से वाशरी डिवीजन
चंद्रजीत कुमार — ब्लॉक-2 क्षेत्र से बरोरा क्षेत्र
हिमांशु टिटोरिया — पूर्वी झरिया क्षेत्र से गोविंदपुर क्षेत्र
परमेंद्र कुमार — बरोरा क्षेत्र से सिजुआ क्षेत्र
अमित कुमार — बस्ताकोला क्षेत्र से कुसुंडा क्षेत्र
नीलमणि — लोदना क्षेत्र से गुणवत्ता प्रबंधन, गोविंदपुर
राकेश रंजन — लोदना क्षेत्र से बिक्री मुख्यालय
रितेश कुमार सिंह — सिजुआ क्षेत्र से गुणवत्ता प्रबंधन, कुसुंडा
अहसानुल हक — ब्लॉक-2 क्षेत्र से बस्ताकोला क्षेत्र
संजीव कुमार झा — गोविंदपुर क्षेत्र से पूर्वी झरिया क्षेत्र
चंद्र राज — कतरास क्षेत्र से लोदना क्षेत्र
राहुल सिंह — कुसुंडा क्षेत्र से ब्लॉक-2 क्षेत्र
कोयला क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि बिक्री विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल का असर आने वाले महीनों में डिस्पैच, गुणवत्ता नियंत्रण और बिक्री प्रबंधन की प्रक्रिया पर भी दिखाई देगा।






